LOADING...
दुनिया की ऐसी 5 सबसे अद्भुत और अविश्वसनीय जगहें, जिन्हें देखकर उड़ जाएंगे आपके होश 

दुनिया की ऐसी 5 सबसे अद्भुत और अविश्वसनीय जगहें, जिन्हें देखकर उड़ जाएंगे आपके होश 

लेखन सयाली
Sep 03, 2024
08:05 am

क्या है खबर?

हमारी धरती बेहद खूबसूरत है, जिसका सबूत हमें आस-पास के नजारों से मिलता रहता है। हालांकि, दुनिया में कई ऐसे अद्भुत प्राकृतिक परिदृश्य मौजूद हैं, जिन्हें देखकर आखों पर विश्वास नहीं होता है। ये सभी जगहें इतनी खूबसूरत हैं कि हर यात्रा प्रेमी को अपने जीवन में एक बार इन्हें जरूर देखना चाहिए। अगर आप अंतरराष्ट्रीय यात्रा की योजना बना रहे हैं तो इन 5 आश्चर्यजनक स्थानों का चुनाव करें। इन अविश्वसनीय जगहों को देखकर आप मंत्रमुग्ध हो जाएंगे।

#1

खून की नदी

रूस में एक ऐसी नदी है, जिसे अब "खून की नदी" कहा जाने लगा है। इस नदी का रंग खून जितना लाल है और यह बेहद खूबसूरत दिखती है। हालांकि, इस नदी का रंग हमेशा से ऐसा नहीं था। इस्किटिम्का नदी रूस के दक्षिणी भाग में बसे शहर केमरोवो में बहती है, जिसने रहसयमई तरीके से अपना रंग बदल लिया था। चिंताजनक बात यह है कि ऐसा प्राकृतिक कारण से नहीं, बल्कि प्रदूषकों के कारण हुआ है।

#2

मिरर झीलें

सभी झीलों और नदियों का पानी किसी धुंधले शीशे जैसा ही नजर आता है। हालांकि, न्यूजीलैंड में कुछ ऐसी झीलें हैं, जो हूबहू किसी आईने जैसी दिखती हैं। ये झीलें न्यूजीलैंड की एग्लिंटन घाटी में स्थित हैं, जिन्हें मिरर लेक्स या मिरर झीलें कहा जाता है। जो लोग इन झीलों पर घूमने जाते हैं, वे इनमें अपनी और आस-पास के खूबसूरत पहाड़ों की छवि साफ-साफ देख सकते हैं। जानिए श्रीलंका के 5 सबसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल

#3

एंटेलोप कैन्यन

अमेरिका भारतीय यात्रियों के पसंदीदा देशों में से एक है, जहां प्रकृति का अद्भुत अजूबा मौजूद है। इस जगह को एंटेलोप कैन्यन या मृग घाटी कहा जाता है। इस घाटी में लहर जैसी संरचनाएं हैं, जो इसे एक अनोखा रूप प्रदान करती हैं। लाखों वर्षों तक हुए हवा और पानी के कटाव से बनी यह घाटी एक साल्ट घाटी है, जो खूबसूरती की मिसाल पेश करती है। एंटेलोप कैन्यन में केवल निर्देशित यात्रा के माध्यम से पहुंचा जा सकता है।

#4

नर्क का दरवाजा

हम सभी ने केवल नर्क का नाम सुना है, लेकिन क्या हो अगर हम आपको बताएं की धरती पर एक "नर्क का दरवाजा" है? मध्य एशिया में बसे हुए देश तुर्कमेनिस्तान में एक अनोखी जगह स्थित है, जिसे 'नर्क का द्वार' या 'दरवाजा गैस क्रेटर' कहा जाता है। काराकुम रेगिस्तान में स्थित यह जगह एक लगातार जलने वाला क्रेटर है, जो 1971 में खुला था। हालांकि, इसके उत्पन्न होने की कई अलग-अलग वजहें बताई जाती हैं।

#5

वेटोमो गुफा

आपने आसमान में जगमाते हुए सितारों को तो देखा होगा, लेकिन क्या अपने कभी किसी गुफा में सितारे देखे हैं? यह मंत्रमुग्ध कर देने वाला नजारा आपको न्यूजीलैंड की वेटोमो गुफाओं में देखने को मिल सकता है। इस देश की उत्तरी द्वीप की सतह के नीचे ये गुफाएं स्थित हैं, जिन्हें हजारों बायोलुमिनसेंट चमक वाले कीड़े रोशन करते हैं। वेटोमो के अंदर 3 गुफाएं हैं, जिनमें से प्रत्येक का अपना अनूठा अनुभव है।