Page Loader
चेरी का सीजन खत्म होने से पहले इस स्वादिष्ट फल से बनाएं ये 5 व्यंजन

चेरी का सीजन खत्म होने से पहले इस स्वादिष्ट फल से बनाएं ये 5 व्यंजन

लेखन सयाली
Jun 15, 2024
05:50 pm

क्या है खबर?

गर्मियों के मौसम में मई से जुलाई तक लाल और रसभरी चेरी मिलती हैं। यह स्वादिष्ट फल बच्चों के साथ-साथ बडों को भी बेहद पसंद आता है। एक कटोरा चेरी को डाइट में जोड़ने से आपको विटामिन-A, विटामिन-C और विटामिन-E जैसे कई एंटीऑक्सीडेंट मिल सकते हैं। आप इस लजीज बेरी से कई तरह के पकवान बना सकते हैं, जिन्हें आपके घर वाले चाव से खाएंगे। आइए चेरी से बनने वाले 5 व्यंजनों की आसान रेसिपी जानते हैं।

#1

चेरी चीजकेक

स्वाद से भरपूर चेरी चीजकेक बनाने के लिए एक ब्लेंडर में डाइजेस्टिव बिस्किट और मक्खन को पीस लें। अब इस मिश्रण की परत को एक टिन में बिछाकर फ्रिज में रख दें। एक बड़े बर्तन में क्रीम चीज, विप्ड क्रीम, नींबू के रस, वेनिला के अर्क और पिसी चीनी को मिलाएं। अब बिस्किट की परत पर क्रीम का मिश्रण डालें और 6 घंटे फ्रीज करें। एक पैन में चीनी पिघलाकर उसमें चेरी पकाएं और चीजकेक के ऊपर डालकर खाएं।

#2

चेरी और अदरक की आइस्ड टी

गर्मियों में सभी लोग खुद को ठंडक का अहसास पहुंचाने के लिए कई तरह के पेय पदार्थ पीते हैं। आप चेरी से भी बेहद स्वादिष्ट आइस्ड टी बनाकर पी सकते हैं। इस लजीज पेय को बनाने के लिए एक लंबे गिलास में बर्फ के टुकड़े डालें। अब इसमें वेनिला का अर्क, चीनी, अदरक का रस, चेरी का जूस, चमेली का जूस और नींबू का रस मिला दें। इसमें चकोतरा का भी रस मिलाएं और ऊपर से चेरी रखकर परोसें।

#3

ब्लैक फॉरेस्ट और चेरी कॉफी

अगर आप रोज-रोज साधारण कॉफी पीकर थक गए हैं, तो चेरी से बनने वाली कॉफी का लुफ्त उठाएं। ब्लैक फॉरेस्ट और चेरी कॉफी बनाने के लिए एक बर्तन में क्रीम को मुलायम होने तक फेटें। एक कप में कोको पाउडर को 3 चम्मच दूध के साथ मिलाएं। एक पैन में चोको चिप्स को पिघलाएं और उसमें कोको पाउडर का मिश्रण मिला दें। अब कप में चेरी सिरप डालकर उसमें चॉकलेट का मिश्रण डालें और ऊपर से विप्ड क्रीम रख दें।

#4

चेरी की आइसक्रीम

गर्मी में आप ठंडी-ठंडी चेरी की आइसक्रीम बनाकर खुद को ठंडक पहुंचा सकते हैं। इसे बनाने के लिए चेरी को एक ब्लेंडर में पीस लें, लेकिन ध्यान रहे की वे अधिक न पिस जाएं। चेरी के इस दरदरे मिश्रण में कंडेंस्ड मिल्क और विप्ड क्रीम डालकर हल्के हाथों से मिला लें। इस मिश्रण को एक बड़े डिब्बे में डालकर करीब 6 घंटे तक जमने दें। परोसने से पहले आइसक्रीम को कटोरी में निकालें और चेरी से सजाकर खाएं।

#5

चेरी का सॉस

चेरी का चटपटा सॉस बनाने के लिए एक पैन में मक्खन को पिघलाकर उसमें चेरी और चीनी पकाएं। कुछ चेरी को लकड़ी के चम्मच की मदद से मीस दें, लेकिन कुछ को समूचा ही रहने दें। इसमें थोड़ी-सी ब्रैंडी डालें और खुशबू आने तक धीमी आंच पर पकने दें। इसमें अदरक का रस डालें और 2 मिनट तक पकाएं। अब इसमें अपने स्वादानुसार नमक और लाल मिर्च का पाउडर मिलाएं और ठंडा होने पर गिलास के कंटेनर में स्टोर करें।