Page Loader
ये कम लोकप्रिय फल गर्मी के दिनों में देंगे ठंडक, आज ही करें डाइट में शामिल

ये कम लोकप्रिय फल गर्मी के दिनों में देंगे ठंडक, आज ही करें डाइट में शामिल

लेखन सयाली
Mar 21, 2025
06:51 pm

क्या है खबर?

गर्मी में सभी का मन करता है कि कुछ ठंडा-ठंडा खाने को मिल जाए। ऐसे में ज्यादातर लोग फलों का चुनाव करते हैं, जो ताजगी के साथ-साथ पोषण भी प्रदान करते हैं। गर्मी का मौसम अपने साथ कई फल लेकर आता है, जिनमें से आम, तरबूज और लीची सबसे प्रचिलित हैं। हालांकि, कई अन्य फल भी होते हैं, जो शरीर को ठंडक प्रदान करते हैं। आप इन कम लोकप्रिय फलों को डाइट में शामिल करके गर्मी से छुटकारा पा सकेंगे।

#1

ताड़गोला

ताड़गोला गर्मियों में मिलने वाला पौष्टिक और रसभरा फल होता है, जिसे आइस एप्पल भी कहा जाता है। यह ताड़ के पेड़ पर उगने वाला फल है, जो दिखने में जेली जैसा लगता है। इसका स्वाद मीठा होता है और यह शरीर को ताजगी प्रदान करता है। इसे खान-पान में शामिल करने से पाचन दुरुस्त रहता है, शरीर हाइड्रेटेड रहता है और प्रतिरक्षा मजबूत होती है। इसमें पानी की मात्रा अधिक होती है, जिस कारण यह ठंडक प्रदान करता है।

#2

फालसे

बचपन में हम सभी गर्मियों के दौरान फालसे खाया करते थे, जो खट्टे-मीठे होते थे। ये बैंगनी और लाल रंग के छोटे व गोल फल होते हैं, जो शरीर को ठंडक पहुंचा सकते हैं। इस फल में पानी और विटामिन-C की मात्रा अधिक होने के कारण यह आपको हाइड्रेटेड रखेगा और गर्मी से छुटकारा भी दिलाएगा। आप फालसे को मसाले के साथ खा सकते हैं, इसका शरबत बनाकर पी सकते हैं या इसके मीठे व्यंजन बना सकते हैं।

#3

बेल

चिलचिलाती गर्मी के बीच एक गिलास ठंडा-ठंडा बेल का शरबत मिल जाए तो दिल खुश हो जाता है। यह गर्मी के सबसे लोकप्रिय फलों में से एक है, जिसे खाकर शरीर को ठंडक मिलती है। यह प्राकृतिक तरीके से शरीर के तापमान को कम करता है और पेट को ठंडा रखता है। इस फल का स्वाद हल्का खट्टा और मीठा होता है। बेल विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है, जिनकी मदद से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।

#4

कोकम

कोकम अपने ठंडक पहुंचाने वाले गुणों के लिए जाना जाता है, जो गर्मी से लड़ने में मदद करते हैं। इसके सेवन से डिहाइड्रेशन का खतरा नहीं रहता और पेट भी साफ रहता है। यह एंटीऑक्सीडेंट का अच्छा स्रोत होता है, जो शरीर को मुक्त कणों और ऑक्सीडेटिव तनाव से होने वाली क्षति से भी बचा सकता है। कोकम ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित करने, सूजन को कम करने और धूप की क्षति से बचाने में भी मदद करता है।

#5

जामुन

गर्मियों में ज्यादातर लोगों को जामुन खाना पसंद होता है। बैंगनी रंग का यह फल अपने खट्टे-मीठे स्वाद के लिए जाना जाता है और कई पोषक तत्वों से भी समृद्ध होता है। जामुन पेट दर्द और पाचन से संबंधित अन्य समस्याओं से राहत दिलाने में मदद करता है। यह फल 84 प्रतिशत पानी से बना होता है, जिस कारण यह हाइड्रेशन बढ़ा सकता है और ठंडक प्रदान कर सकता है।