दिल्ली स्थित मजनू का टीला जाएं तो इन 5 लजीज स्ट्रीट फूड का जरूर चखें स्वाद
क्या है खबर?
दिल्ली में स्थित मजनू का टीला एक खास बाजार है, जो तिब्बती, भूटानी और उत्तर पूर्वी संस्कृति से समृद्ध है। यह जगह दिल्ली के छात्रों के लिए एक प्रमुख आकर्षण का केंद्र है। यहां के स्ट्रीट फूड भी बहुत मशहूर हैं। मजनू का टीला अपने छोटे-से हिल स्टेशन जैसे माहौल, खूबसूरत नजारों और स्वादिष्ट खाने के लिए जाना जाता है। अगर आप यहां घूमने जा रहे हैं तो इन 5 मशहूर स्ट्रीट फूड का आनंद लेना न भूलें।
#1
मोमो
मजनू का टीला में कई स्टॉल और कैफे हैं, जहां आपको लजीज मोमो मिल जाएंगे। यहां के छोटे-से स्टॉल्स पर आपको तरह-तरह के मोमोज मिलेंगे, जो आपके मन को तृप्त कर देंगे। कोथे, झोल और स्टीम मोमो यहां के प्रमुख आकर्षण में से एक हैं। यहां के अंकल वांग के मोमो काफी पसंद किए जाते हैं, जो आपको भी जरूर चखने चाहिए। एक बार यहां आकर इन मोमो का आनंद जरूर लें।
#2
लाफिंग
लाफिंग एक खास तरह का तिब्बती व्यंजन है, जो मजनू का टीला की खासियत है। यह एक मसालेदार और ठंडा मूंग दाल का नूडल वाला व्यंजन है। इसे आटे से स्टार्च निकालकर पतली जेली शीट बनाकर तैयार किया जाता है, जिसमें चिली ऑयल और वाई-वाई आदि भरे जाते हैं। आपको यहां पर सूखी, वाई-वाई वाली, सफेद और सूप वाली लाफिंग मिल जाएगी। अगर आपको तीखा खाना पसंद है तो इसे जरूर आजमाएं।
#3
बोबा चाय
बोबा टी ताइवान का एक लोकप्रिय और स्वादिष्ट पेय है, जो मजनू का टीला की हर गली में मिलता है। इसमें अलग-अलग फ्लेवर वाला सोडा या दूध वाला पेय होता है, जिसमें बोबा पर्ल डालकर पिया जाता है। ये पर्ल कसावा की जड़ के स्टार्च और भूरी चीनी से बनाए जाते हैं। जब आप इन पेय का घूंट लेते हैं तो आपको मुंह में ये पर्ल आते हैं, जो फूटने पर कोई न कोई फ्लेवर देते हैं।
#4
माचा
माचा जापान का पारंपरिक पेय है, जो असल में एक ग्रीन टी होता है। यह अब भारत में भी लोकप्रिय हो गया है और इसे मजनू का टीला में आसानी से खोजा जा सकता है। यहां पर आपको कई अलग-अलग फ्लेवर वाले माचा पेय मिलेंगे, जिनमें स्ट्रॉबेरी, आम, माचा लाटे और कॉफी वाला माचा आदि शामिल हैं। साथ ही यहां पर आपको माचा के स्वाद वाले कई तरह के मीठे व्यंजन खाने का भी मौका मिल जाएगा।
#5
कोरियाई कॉर्न डॉग
अगर आपको कोरियाई खाना पसंद है तो मजनू का टीला आपके लिए सही जगह है। यहां पर मिलने वाला कोरियाई कॉर्न डॉग चीज से भरपूर और मसालेदार होता है। यह कुरकुरा स्ट्रीट फूड एक स्टिक पर परोसा जाता है, जिसमें आलू, चीज और मसाले शामिल होते हैं। इसका एक कौर खाने के बाद आपके मुंह में ढेर सारी चीज आएगी, जो दूर तक खिंच भी सकती है। यह भी कई फ्लेवर में उपलब्ध रहता है।