Page Loader
खान-पान में इस्तेमाल किए जा सकते हैं ये 5 सुंदर फूल, जाने इनसे बनने वाले व्यंजन 

खान-पान में इस्तेमाल किए जा सकते हैं ये 5 सुंदर फूल, जाने इनसे बनने वाले व्यंजन 

लेखन सयाली
Mar 05, 2024
12:07 pm

क्या है खबर?

फूल अपनी सुंदरता और महक के लिए जाने जाते हैं। हालांकि, कई फूल खान-पान में भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं। भारत समेत कई अन्य देशों के व्यंजनों में फूलों का उपयोग होता है। फूलों का अर्क भी कई तरह के पकवानों में डाला जाता है। आप भी इन फूलों का सेवन कर इनसे मिलने वाले स्वास्थ्य संबंधी लाभों का लुफ्त उठा सकते हैं। इन 5 फूलों को आप अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।

#1

गुलाब 

खान-पान में भी गुलाब सबसे लोकप्रिय फूल है। इस वसंत ऋतु में अपनी चाय और खाद्य पदार्थों में फूलों का स्वाद जोड़ने के लिए गुलाब का उपयोग करें। आप असली गुलाब की पंखुड़ियों के बजाय गुलाब जल का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा गुलाब से आप गुलकंद, शरबत, हर्बल चाय और मीठे व्यंजन आदि बना सकते हैं। यह खाने में एक बढ़िया मिठास जोड़ता है और इसका अर्क बिरयानी जैसे व्यंजनों में भी डाला जाता है।

#2

गेंदा 

खूबसूरत नारंगी और पीला गेंदा एक खाने योग्य फूल होता है। अफ्रीका और फ्रांस में उगने वाला गेंदा सबसे ज्यादा खाया जाता है। यह फूल कड़वा और मीठा दोनों तरह का होता है। इसका आनंद लेने के लिए फूलों से डंठल तोड़ें और फिर उनकी सब्जी बनाएं। मैक्सिकन मिंट गेंदों में सौंफ की सुगंध होती है। आप गेंदों से जैम या चीजकेक बना सकते हैं। इसके साथ ही इनसे ताजगी देने वाले पेय पदार्थ भी बनाए जा सकते हैं।

#3

अपराजिता

अपराजिता के फूल बेहद खूबसूरत नीले रंग के होते हैं, जिन्हें खान-पान में इस्तेमाल किया जा सकता है। ये खाने में स्वाद और रंग दोनों को बढ़ाते हैं। किसी भी व्यंजन में प्राकृतिक नीला या बैंगनी रंग लाने के लिए हम इन फूलों का इस्तेमाल कर सकते हैं। अपराजिता के फूल खास तौर पर चाय बनाने के लिए उपयोग किए जाते हैं। अपराजिता की चाय के सेवन से शरीर को कई स्वास्थ्य संबंधी लाभ मिलते हैं।

#4

कैमोमाइल 

हम सभी एक कप कैमोमाइल चाय के सुखदायक गुणों से परिचित हैं। इसकी चाय बनाने के लिए अपने बगीचे से कैमोमाइल फूलों को इकट्ठा करें। जब फूल पूरी तरह से खिलने वाले हों, तब ही उन्हें तोड़ें और उन्हें तुरंत उपयोग करें। लगभग 5 मिनट तक इन्हें भिगोकर रखें। फिर कैमोमाइल की चाय बनाएं। आप इन्हें सुखा कर स्टोर भी कर सकते हैं। ये फूल कुछ-कुछ सेब जैसा स्वाद प्रदान करते हैं।

#5

लैवेंडर

लैवेंडर एक खाने योग्य फूल है, जो खाने के स्वाद को बढ़ाता है। इन फूलों को मिलाकर चाय में मीठा एसेंस जोड़ा जा सकता है। लैवेंडर से आप शॉर्टब्रेड कुकीज या लैवेंडर ग्लेज बना सकते है, जो केक में इस्तेमाल होता है। लैवेंडर से कई तरह के पेय पदार्थ भी बनाए जा सकते है। इसे खास तौर से मीठे बेक्ड व्यंजनों में उपयोग किया जाता है, जैसे केक और पेस्ट्री आदि।