लोबिया से बनाए जा सकते हैं ये 5 बेहतरीन व्यंजन, आसान होती है इनकी रेसिपी
क्या है खबर?
लोबिया एक पौष्टिक और स्वादिष्ट सब्जी है, जिसे चौला या चौरा भी कहा जाता है। आमतौर पर इसे दाल के रूप में खाया जाता है, लेकिन इससे कई अन्य व्यंजन भी बनाए जा सकते हैं। लोबिया में प्रोटीन, फाइबर और विटामिन की भरपूर मात्रा होती है, जो स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हैं। आप इससे ये 5 लजीज व्यंजन बनाकर अपने खान-पान में शामिल कर सकते हैं। आइए इन सभी की आसान रेसिपी जानते हैं।
#1
लोबिया की टिक्की
लोबिया की टिक्की एक अच्छा नाश्ता है, जिसे आप शाम की चाय के साथ खा सकते हैं। इसे बनाने के लिए उबली हुई लोबिया को मीस के उसमें बारीक कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट और मसाले मिलाएं। इसके बाद इस मिश्रण की छोटी-छोटी गोले टिक्कियां बनाकर तवे पर हल्का तेल डालकर सेंक लें। ये बाहर से करारी और अंदर से नरम होती हैं। आप इनका आनंद हरी चटनी से साथ ले सकते हैं।
#2
लोबिया की खिचड़ी
लोबिया की खिचड़ी एक पौष्टिक और स्वादिष्ट व्यंजन है, जिसे आप दोपहर या रात के खाने में बना सकते हैं। इसके लिए चावल और उबली हुई लोबिया को एक साथ पका लें। इसके बाद इसमें घी, हल्दी, नमक, जीरा और हरी मिर्च का तड़का लगाकर इसका स्वाद बढ़ा लें। यह खिचड़ी न केवल स्वादिष्ट होती है, बल्कि इसमें प्रोटीन और फाइबर की भरपूर मात्रा भी होती है। आप इसे दही या अचार के साथ परोस सकते हैं।
#3
लोबिया की सब्जी
लोबिया की सब्जी भी रोटी और चावल के साथ बहुत लजीज लगती है। इस तैयार करने के लिए सबसे पहले तेल में प्याज, लहसुन, टमाटर, अदरक-लहसुन का पेस्ट और मसाले अच्छी तरह भून लें। इसके बाद इसमें उबली हुई लोबिया डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसमें थोड़ा-सा पानी डालें और कुछ देर के लिए ढककर पकने दें। अंत में ऊपर से हरा धनिया डालकर गर्मा-गर्म परोसें। आप इसे दिन या रात के खाने के लिए बना सकते हैं।
#4
लोबिया का पुलाव
अगर आप सादा चावल खा-खा कर ऊब गए हैं तो एक बार लोबिया का पुलाव बनाकर खाएं। इसके लिए बासमती चावल को प्याज, टमाटर, अदरक-लहसुन और मसालों के साथ पकाया जाता है। इसके बाद इसमें उबली हुई लोबिया शामिल की जाती है। इसमें ढेर सारे खड़े मसाले भी शामिल किए जाते हैं, जिससे इसका स्वाद बेहतरीन हो जाता है। इसे आप किसी भी सब्जी के साथ खा सकते हैं या केवल अचार के साथ इसका आनंद ले सकते हैं।
#5
लोबिया का पराठा
लोबिया का पराठा भी नाश्ते के लिए अच्छा पकवान रहेगा, जो जल्दी बन जाता है। इसके लिए उबली हुई लोबिया को मीस के उसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट और मसाले मिला लें। अब इस मिश्रण को आटे में भरकर गोल-गोल पराठे बेल लें। इन्हें तवे पर घी लगाकर सेंक लें और गर्मा-गर्म ही परोसें। आप इन पराठों का लुत्फ चटनी, मक्खन और अचार के साथ उठा सकते हैं।