Page Loader
ऑपरेशन दुराचार: उत्तर प्रदेश में प्रमुख चौराहों पर यौन अपराधियों के पोस्टर लगाने की तैयारी

ऑपरेशन दुराचार: उत्तर प्रदेश में प्रमुख चौराहों पर यौन अपराधियों के पोस्टर लगाने की तैयारी

Sep 25, 2020
05:01 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश में महिलाओं और मासूमों से दुष्कर्म, छेड़छाड़ तथा यौन अपराध करने वाले अपराधी अब चैन से नहीं बैठ पाएंगे। सरकार ने उन्हें शर्मसार करने तथा समाज में उनकी पहचान उजागर करने के लिए 'ऑपरेशन दुराचारी' की शुरुआत करने की योजना बनाई है। इसके तहत यौन अपराधियों की पहचान उजागर करने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों पर बड़े-बड़े पोस्टर लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस को इसके लिए आदेश भी जारी कर दिए हैं।

बैठक

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से हुई बैठक में दिए निर्देश

TOI के अनुसार मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से साथ हुई उच्च स्तरीय बैठक में राज्य में महिला यौन अपराधों को रोकने के लिए पुलिस महानिदेशक (DGP) एचसी अवस्थी को राज्य में एंटी रोमियो दस्ते को मजबूत बनाने तथा 'ऑपरेशन दुराचारी' अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही यह भी कहा गया है कि महिलाओं से किसी भी तरह का अपराध करने वाले दुराचारियों को महिला पुलिसकर्मियों द्वारा ही दंडित कराया जाए।

जिम्मेदार

संबंधित पुलिस अधिकारी होंगे अपराध के जिम्मेदार

मुख्यमंत्री ने कहा कि कहीं भी महिलाओं के साथ कोई आपराधिक घटना हुई तो संबंधित बीट प्रभारी, चौकी प्रभारी, थाना प्रभारी और पुलिस उपाधीक्षक को जिम्मेदार माना जाएगा। मामले में जरा सी भी लापरवाही होने पर उनकी जवाबदेही तय की जाएगी और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद DGP ने सभी पुलिस अधीक्षकों को एंटी रोमियों दस्तों को मजबूत करने तथा आपातकालीन 112 वाहनों की गश्त भीड़भाड़ वाले इलाकों में बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

जानकारी

'ऑपरेशन दुराचारी' के पीछे यह बताया जा रहा है उद्देश्य

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने राज्यभर में 'ऑपरेशन दुराचारी' अभियान चलाने के पीछे प्रमुख उद्देश्य यह बताया है कि इससे यौन अपराधियों की समाज में पहचान उजागर हो सकेगी और लोग उनसे सतर्क रहेंगे। इसके अलावा समाज उनका बहिष्कार भी कर सकेगा।

योजना

'ऑपरेशन दुराचारी' अभियान के लागू किए जाने की योजना का नहीं किया खुलासा

हालांकि, मुख्यमंत्री आदित्यनाथ द्वारा चलाए जाने वाले 'ऑपरेशन दुराचारी' अभियान की पूरी योजना का खाका अभी सामने नहीं आया है। इसे किस तरह से लागू किया जाएगा। इसको लेकर कोई निर्देश नहीं मिले हैं। बता दें कि CCA-NRC को लेकर राज्य में हुए दंगों के बाद भी पुलिस ने दंगाइयों से हर्जाना वसूलने के लिए भी मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के निर्देश के बाद जिला प्रशासन के सहयोग से चौराहों पर आरोपियों के पोस्टर लगाए गए थे।

सवाल

क्या भाजपा वालों के भी लगाए जाएंगे पोस्टर- कांग्रेस

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू ने इस मामले को लेकर भाजपा सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि क्या सरकार राज्य में बलात्कार के आरोपी भाजपा नेताओं के पोस्टर भी चौराहों पर लगवाएगी? कुलदीप सेंगर, चिन्मयानंद समेत भाजपा नेताओं पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगे हैं। क्या इनके पोस्टर भी योगी सरकार चौराहों पर लगवाएगी। महिला अपराध में उत्तर प्रदेश राज्य शीर्ष पर है और सरकार केवल बयानबाजी में व्यस्त है।