योगी आदित्यनाथ का सैनिकों के परिवारों को तोहफा, वीरता पुरस्कार राशि और भत्ते किए दोगुने
क्या है खबर?
मेरठ के क्रांतिधरा में शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सेना के जवानों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने सभी वीरता पुरस्कार पाने वालों को एक बार मिलने वाली आर्थिक मदद और सालाना भत्ते दोगुने करने की घोषणा की है। सरकार के इस फैसले से परमवीर चक्र से लेकर शौर्य चक्र तक के सभी वीरता और सेवा पदक विजेताओं की आर्थिक स्थिति और सम्मान को सीधा बल मिलेगा।
फायदा
सैनिकों और शहीदों के परिवारों को क्या होगा लाभ?
मुख्यमंत्री ने सभी वीरता पुरस्कार विजेताओं की एकमुश्त सहायता राशि और वार्षिक भत्ते को दोगुना करने का ऐलान किया है।
इससे परमवीर चक्र विजेताओं को मिलने वाली 52 लाख की एकमुश्त सहायता और 3.12 लाख रुपये का वार्षिक भत्ता अब दोगुना (क्रमशः 1.04 करोड़ और 6.24 लाख रुपये) हो जाएगा।
इसका लाभ महावीर चक्र, वीर चक्र, अशोक चक्र, कीर्ति चक्र, शौर्य चक्र और अन्य सभी वीरता व सेवा पदक विजेताओं को भी मिलेगा।
राहत
स्टांप ड्यूटी में बड़ी राहत
पूर्व सैनिकों और शहीद जवानों के आश्रितों द्वारा आवासीय संपत्ति यानी घर या प्लॉट खरीदने पर मिलने वाली स्टांप ड्यूटी छूट की सीमा को 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दिया गया है। इससे घर खरीदना आसान होगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी सुनिश्चित किया कि शहीद जवानों के आश्रितों को उनके अपने गृह जनपद या पड़ोसी जिले में ही सरकारी नौकरी प्रदान की जाएगी। इससे वह परिवार के साथ रहकर सहयोग कर सकेंगे।
बयान
सैनिक कभी रिटायर नहीं होता- आदित्यनाथ
पूर्व सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा, "कोई भी देश या समाज केवल सुरक्षित वातावरण में ही अपनी गति को प्रगति में बदल सकता है। सुरक्षित वातावरण के बिना उस गति को पतन में बदलते देर नहीं लगती। आज हम शांति से सोते हैं क्योंकि हमारे सैनिक सीमा पर जागते हैं। मेरा मानना है कि एक सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता। एक सैनिक की वर्दी भले ही बदल जाए, लेकिन राष्ट्र के प्रति उसकी प्रतिबद्धता नहीं बदलती।"
सराहना
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश को बताया वीरों की धरती
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश को वीरों की भूमि बताते हुए कहा कि राज्य में लगभग 20 लाख सैनिकों का विशाल परिवार है। देश में हर साल लगभग 60,000 सैनिक सेवानिवृत्त होते हैं, जिनमें से 12,000 उत्तर प्रदेश के होते हैं।
उन्होंने कहा, "यह वही राज्य है जिसने देश को नायक जदुनाथ सिंह दिया, गाजीपुर के वीर अब्दुल हमीद दिए, सीतापुर के कैप्टन मनोज कुमार पांडे दिए और बुलंदशहर के ग्रेनेडियर योगेंद्र सिंह यादव दिए।"