Page Loader
दिल्ली: बाढ़ के कारण यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन बंद, ट्रेनों की गति धीमी की गई
दिल्ली मेट्रो का यमुना बैंक स्टेशन बंद किया गया (तस्वीर: विकिमीडिया)

दिल्ली: बाढ़ के कारण यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन बंद, ट्रेनों की गति धीमी की गई

लेखन गजेंद्र
Jul 13, 2023
05:01 pm

क्या है खबर?

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने पर बाढ़ जैसी स्थिति को देखते यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया है। हालांकि, स्टेशन पर ट्रेन बदलने की सुविधा जारी रहेगी। दिल्ली मेट्रो ने ट्वीट किया, 'बढ़ते जलस्तर के कारण यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास अस्थायी रूप से बंद हैं। हालांकि, इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध है और ब्लू लाइन पर सेवाएं सामान्य हैं।' इससे पहले सुबह यमुना बैंक स्टेशन मार्ग बंद होने की जानकारी दी गई थी।

असुविधा

पुलों पर मेट्रो ट्रेनों की गति 30 किमी प्रति घंटा की गई

मेट्रो के अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ के बावजूद सभी कॉरिडोर पर मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर नदी पर बने मेट्रो के सभी 4 पुलों पर ट्रेनों की गति धीमी की गई है। यह 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं। बता दें कि यमुना बैंक ब्लू लाइन पर एक मेट्रो स्टेशन है, जो नोएडा और गाजियाबाद के बीच ट्रेनों को बदलने के रूप में कार्य करता है।

प्रभाव

प्रमुख मार्गों पर लगा जाम

दिल्ली में बाढ़ जैसी स्थिति होने पर कई प्रमुख मार्गों पर जाम लग गया है। दिल्ली यातायात पुलिस ने सूचना जारी कर कई मार्गों पर यातायात परिवर्तित किया है। कश्मीरी गेट, ITO, रिंग रोड, वजीराबाद के निचले इलाके, लाल किला रोड समेत कई जगह पानी भरा है। ऐसे में मेट्रो स्टेशनों पर भीड़ दिख रही है। बता दें, दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर 208.62 मीटर तक पहुंच गया है। इसे देखते हुए दिल्ली सरकार ने कई फैसले लिए हैं।

ट्विटर पोस्ट

दिल्ली मेट्रो की गति धीमी की गई