उत्तर प्रदेश में फांसी का दृश्य फिल्मा रही थी महिला, हादसे में चली गई जान
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक 27 वर्षीय महिला की फांसी के दृश्य का वीडियो बनाते समय हादसा होने से मौत हो गई। पीड़िता की पहचान मोहिनी के रूप में हुई है। उसने रील बनाने के लिए अपने गले में फांसी का फंदा बांध रखा था और शूटिंग के लिए एक स्टूल पर खड़ी थी। उस दौरान संभवत: स्टूल के फिसलने या उसका संतुलन बिगड़ने से फंदा उसके गले में कस गया और उसकी मौत हो गई।
खुलासा
कैसे हुआ घटना का खुलासा?
इस दर्दनाक घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब मोहिनी की चार वर्षीय बेटी कमरे में दाखिल आई और उसने अपनी मां को फांसी के फंदे से झूलता हुआ देखा। इसके बाद बच्ची ने तुरंत शोर मचाया, जिससे पड़ोसियों को सूचना मिली और वे तुरंत मौके पर पहुंचे। पड़ोसी मोहिनी को फंदे से झूलता देखकर स्तब्ध रह गए। उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। उसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा।
जांच
पुलिस ने जताई दुर्घटना की आशंका
पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। अधिकारी घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं, लेकिन प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि यह रील की शूटिंग के दौरान हुई एक दुर्घटना है। इस दुखद घटना की जांच जारी है। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है।