Page Loader
असम को मिलेगी दूसरी राजधानी? मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने किया बड़ा ऐलान
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गणतंत्र दिवस समारोह में किया बड़ा ऐलान

असम को मिलेगी दूसरी राजधानी? मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने किया बड़ा ऐलान

Jan 26, 2025
04:04 pm

क्या है खबर?

असम को आने वाले 3 सालों में दूसरी राजधानी मिल सकती है। दरअसल, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ऐलान किया है कि डिब्रूगढ़ को 3 साल के भीतर राज्य की दूसरी राजधानी के रूप में विकसित किया जाएगा। डिब्रूगढ़ में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यमंत्री सरमा ने कहा, "अगले तीन सालें में डिब्रूगढ़ असम की दूसरी राजधानी होगी और ब्रह्मपुत्र नदी के दक्षिणी तट पर स्थित शहर में असम विधानसभा के लिए स्थायी भवन भी बनाया जाएगा।"

योजना

डिब्रूगढ़ 2027 से वार्षिक असम विधानसभा सत्र की मेजबानी करेगा

मुख्यमंत्री सरमा ने समारोह में अपने संबोधन में आगे कहा कि 2027 से शुरू होकर असम विधानसभा का एक सत्र हर साल डिब्रूगढ़ में ही आयोजित किया जाएगा। इस नए विधानसभा भवन का निर्माण अगले वर्ष 25 जनवरी से शुरू होगा। उन्होंने कहा, "अगले 3 वर्षों में डिब्रूगढ़ भारत का एक महत्वपूर्ण शहर बन जाएगा और यहां की पूरी स्थिति बदल जाएगी।" मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद अब असम को दूसरी राजधानी मिलना तय नजर आ रहा है।

शहरीकरण

तेजपुर और सिलचर असम की शहरीकरण योजना में शामिल

मुख्यमंत्री ने तेजपुर में राजभवन बनाने तथा इसे असम की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में विकसित करने की योजना की भी घोषणा की है। इसके अलावा, सिलचर को एक सचिवालय और मुख्य सचिव का कार्यालय भी मिलेगा जो बराक घाटी और गुवाहाटी को जोड़ेगा। तेजपुर, सिलचर और डिब्रूगढ़ बड़ी शहरीकरण योजना का हिस्सा होंगे। बता दें कि पिछले साल सरमा ने गुवाहाटी के बाहर डिब्रूगढ़ शहर में पहले मुख्यमंत्री सचिवालय का उद्घाटन भी किया था।