भारत में क्यों बैन हुआ कॉकरोच जनता पार्टी का एक्स अकाउंट? सामने आई वजह
क्या है खबर?
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का एक्स अकाउंट भारत में बैन कर दिया गया। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, यह कार्रवाई केंद्र सरकार के निर्देश पर की गई। रिपोर्ट में एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के हवाले से कहा गया कि इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) ने इस अकाउंट को लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंता जताई थी। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने IT एक्ट 2000 के सेक्शन 69A के तहत एक्स को अकाउंट ब्लॉक करने का आदेश भेजा।
वजह
सरकार ने अकाउंट रोकने को लेकर क्या कहा?
रिपोर्ट के मुताबिक, एक सरकारी अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, "IB का मानना था कि अकाउंट अपने अकाउंट से भड़काऊ कंटेंट पोस्ट कर रहा था, जिससे देश की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी।" अधिकारी ने यह भी कहा कि सरकार ऐसे ब्लॉकिंग ऑर्डर गोपनीय प्रक्रिया के तहत जारी करती है। चिंता खासतौर पर इस बात को लेकर थी कि इस अकाउंट का कंटेंट युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा था।
पहुंच
कुछ ही दिनों में लाखों लोगों तक पहुंचा CJP
CJP की शुरुआत 16 मई को हुई थी। यह एक राजनीतिक व्यंग्य अभियान के रूप में सामने आया, जिसे अभिषेक डिपके ने शुरू किया था। उन्होंने हाल ही में अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी से पढ़ाई पूरी की है। डिपके ने सोशल मीडिया और गूगल फॉर्म के जरिए लोगों को जुड़ने का निमंत्रण दिया है। कुछ ही घंटों में हजारों लोगों ने रजिस्ट्रेशन किया। बाद में यह अभियान तेजी से वायरल हो गया और सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा बढ़ने लगी।
इंस्टाग्राम
इंस्टाग्राम पर अब भी एक्टिव है पार्टी
एक्स पर अकाउंट ब्लॉक होने से पहले CJP के फॉलोअर्स तेजी से बढ़ रहे थे। गुरुवार शाम तक एक्स पर इसके 2 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके थे। वहीं इंस्टाग्राम पर यह पेज अब भी एक्टिव है और उसके करीब 1.5 करोड़ फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। पार्टी को अब तक 6 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन मिल चुके हैं। सोशल मीडिया पर इसके पोस्ट और वीडियो लगातार वायरल हो रहे थे, जिससे इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ती गई।