Page Loader
पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए 'ऑपरेशन सिंदूर' किसने और क्यों रखा नाम?
भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम क्यों रखा?

पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए 'ऑपरेशन सिंदूर' किसने और क्यों रखा नाम?

लेखन गजेंद्र
May 07, 2025
12:05 pm

क्या है खबर?

भारत ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जवाब पाकिस्तानी आतंकवादियों को 'ऑपरेशन सिंदूर' से दिया है। इस ऑपरेशन के तहत भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकवादी ढांचे को निशाना बनाया है। भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' लिखी एक तस्वीर जारी की है, जिसे सभी मंत्री और नेता सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। आइए, जानते हैं कि भारत ने अभियान का नाम 'ऑपरेशन सिंदूर' क्यों रखा है।

ऑपरेशन

क्यों रखा गया ऑपरेशन सिंदूर नाम?

भारतीय सेना द्वारा जारी किए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' के पोस्टर में अंग्रेजी में लिखे 'सिंदूर' में एक O का मतलब सिंदूरदानी (सिंदूर रखने वाली कटोरी) दर्शाया गया है। सिंदूरदानी भारतीय हिंदू परम्परा में विशेष स्थान रखता है। ये विवाहित महिलाओं के सुहाग की निशानी होता है। पहलगाम में आतंकियों ने कई विवाहित महिलाओं के पतियों को मारा था, जिससे उनका सुहाग उजड़ गया। इसी के मद्देनजर यह नाम रखा गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखा।

ट्विटर पोस्ट

भारतीय सेना का पोस्ट

बदला

भारत ने लिया सिंदूर का बदला?

पहलगाम हमले में आतंकियों ने 26 पुरूष पर्यटकों को गोली मारी थी, जिसमें 25 हिंदू थे। कई ऐसे पुरूष थे, जो अपनी नई शादी के बाद हनीमून के लिए अपनी पत्नी के साथ जम्मू-कश्मीर गए थे। हरियाणा के विनय नरवाल और उत्तर प्रदेश के शुभम द्विवेदी की शादी तो हाल में हुई थी। दोनों अपनी पत्नी के साथ बैसरन घाटी में थे, तभी उनको गोली मारी गई। ऐसी कई अन्य महिलाओं के पतियों को उनके सामने मारा गया था।