Loading...
#NewsBytesExplainer: कौन होते हैं OCI कार्डधारक, क्या अभिनेता इमरान खान को भारत छोड़ना होगा?
अभिनेता इमरान खान को 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने को कहा गया है

#NewsBytesExplainer: कौन होते हैं OCI कार्डधारक, क्या अभिनेता इमरान खान को भारत छोड़ना होगा?

लेखन आबिद खान
Oct 15, 2026
02:49 pm

क्या है खबर?

मुंबई पुलिस ने अभिनेता इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने को कहा है। वे पिछले हफ्ते मुंबई में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इसी के बाद उनकी नागरिकता को लेकर बहस छिड़ गई थी। अब मुंबई पुलिस ने उन्हें आव्रजन और विदेशी अधिनियम, 2025 के प्रावधानों के तहत नोटिस जारी कर देश छोड़ने को कहा है। आइए पूरा विवाद समझते हैं।

वजह

इमरान खान को क्यों दिया गया नोटिस?

दरअसल, 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में CJP ने विरोध प्रदर्शन किया था। इसमें इमरान भी शामिल हुए थे। तब पुलिस ने उन्हें हिरासत में भी लिया था।

इसके बाद इमरान की नागरिकता को लेकर सवाल उठने लगे।

भाजपा नेता किरीट सोमैया ने पुलिस से शिकायत कर आरोप लगाया था कि इमरान का प्रदर्शन में शामिल होना, विदेशी नागरिकों और OCI कार्डधारकों पर लागू होने वाले नियमों का उल्लंघन है।

धाराएं

पुलिस ने किन कानूनों के तहत इमरान को भेजा नोटिस?

रिपोर्ट के मुताबिक, इमरान को आव्रजन और विदेशी अधिनियम, 2025 की 2 धाराओं में नोटिस भेजा गया है।

पहली धारा 7 है, जो सरकार को भारत में विदेशियों के प्रवेश, प्रस्थान, उपस्थिति या आवागमन को विनियमित करने, प्रतिबंधित करने या निषिद्ध करने के लिए आदेश जारी करने का अधिकार देती है।

वहीं, दूसरी धारा 29 है, जिसके तहत सरकार नियम या आदेश का उल्लंघन करने पर किसी विदेशी को भारत से निष्कासित करने का निर्देश दे सकती है।

ADVERTISEMENT

नागरिकता

इमरान की नागरिकता की स्थिति क्या है?

इमरान भारत के नागरिक नहीं हैं। उनका जन्म अमेरिका में हुआ था, जिसके चलते उनके पास अमेरिकी नागरिकता है।

हालांकि, भारत सरकार ने उन्हें ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड जारी कर रखा है।

ये योजना 2005 में उन पात्र भारतीय मूल के लोगों के लिए शुरू की गई थी जिनके पास विदेशी नागरिकता है। हालांकि, इस कार्ड से न तो भारतीय नागरिकता मिलती है और न ही यह दोहरी नागरिकता का अधिकार देता है।

ADVERTISEMENT

OCI

क्या OCI कार्ड धारक प्रदर्शन में शामिल हो सकता है?

संविधान का अनुच्छेद 19 भारतीय नागरिकों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार देता है। हालांकि, ये सुरक्षाएं केवल नागरिकों के लिए हैं और विदेशी नागरिक इनका दावा नहीं कर सकते।

इसलिए OCI कार्डधारक को नागरिकों की तरह संवैधानिक गारंटी नहीं मिली है।

हालांकि, ये भी जरूरी है कि क्या OCI कार्डधारक का आचरण राजनीतिक गतिविधि में आता है, निवास शर्त का उल्लंघन करता है या कानून के किसी अन्य प्रावधान का उल्लंघन करता है।

फायदे

OCI कार्ड धारक को क्या-क्या फायदे मिलते हैं?

OCI कार्डधारक विदेशी नागरिक होते हैं, लेकिन उन्हें भारत में कुछ विशेषाधिकार मिलते हैं। कार्डधारकों को लागू नियमों के अधीन भारत का आजीवन और बहु-प्रवेश वीजा मिलता है।

इसके अलावा उन्हें शिक्षा, संपत्ति और कुछ व्यावसायिक गतिविधियों से संबंधित विशिष्ट लाभ भी प्राप्त होते हैं।

उन्हें आमतौर पर अपने प्रवास की अवधि के दौरान विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण अधिकारी (FRRO) के पास पंजीकरण कराने की जरूरत भी नहीं होती है।

हालांकि, उन्हें भारतीय नागरिकता नहीं मिलती है।

निर्वासन

क्या OCI कार्डधारक को निर्वासित किया जा सकता है?

हां। भारत में रहने वाले विदेशी नागरिक आव्रजन और विदेशी कानूनों के अधीन ही रहते हैं।

OCI का दर्जा कानूनी जरूरतों को पूरा किए बिना देश में रहने का बिना शर्त अधिकार प्रदान नहीं करता है।

हालांकि, किसी विरोध प्रदर्शन में भाग लेने का आरोप लगाने वाली शिकायत मात्र से यह साबित नहीं हो जाता कि कोई अपराध हुआ है या निर्वासन उचित है। एजेंसियां कार्रवाई का कानूनी आधार, OCI की शर्तें और कई पहलूओं को देखती हैं।

ADVERTISEMENT