अभिनेता इमरान खान पर मुंबई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारत छोड़ने का नोटिस जारी
क्या है खबर?
मुंबई पुलिस ने अभिनेता इमरान खान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस थमाया है। ये कदम मुंबई में आयोजित एंटी-CEC विरोध प्रदर्शन में उनकी भागीदारी के बाद उठाया गया है। पुलिस के इस अल्टीमेटम के बाद अभिनेता पर देश से बाहर होने की तलवार लटक गई है। अमेरिकी नागरिकता होने के कारण प्रदर्शन में शामिल होना नियमों का उल्लंघन माना गया, जिसके चलते उन्हें भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया।
एक्शन
CEC के खिलाफ प्रदर्शन के बाद मुंबई पुलिस की कार्रवाई
सुपरस्टार आमिर खान के भांजे और अभिनेता इमरान खान को मुंबई पुलिस ने 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया है।
ये कार्रवाई मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित एक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद की गई है।
इमरान ने मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए इस प्रदर्शन में भाग लिया था। इस सिलसिले में मुंबई पुलिस ने अभिनेता को हिरासत में भी लिया था।
नागरिकता
इमरान को राजनीतिक प्रदर्शन में शामिल होने का अधिकार नहीं
बता दें कि इमरान का जन्म अमेरिका में हुआ था, जिसके चलते उनके पास अमेरिकी नागरिकता और ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड है।
OCI कार्ड उन्हें भारत में अनिश्चित काल तक रहने और काम करने की अनुमति देता है।
हालांकि, भारतीय कानूनों के तहत विदेशी नागरिकों और OCI कार्डधारकों को मतदान या राजनीतिक विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने का अधिकार नहीं है। हालिया विवाद के बाद उनकी नागरिकता और इस दर्जे को लेकर फिर बहस तेज हो गई है।
सवाल और मांग
भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने की थी 'लुकआउट सर्कुलर' की मांग
इससे पहले भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने इमरान के प्रदर्शन में शामिल होने पर कड़ी आपत्ति जताई थी।
उन्होंने इमिग्रेशन अधिकारियों और केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर अभिनेता के खिलाफ 'लुकआउट सर्कुलर' जारी करने की मांग की थी।
सोमैया ने सवाल उठाया था कि अमेरिकी नागरिकता और OCI कार्डधारक होने के बावजूद इमरान भारत की घरेलू राजनीति और विरोध प्रदर्शनों में क्यों शामिल हो रहे हैं? उन्होंने पुलिस जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
विरोध प्रदर्शन
हिरासत में लिए गए थे इमरान, अब देश छोड़ने की आई नौबत
किरीट सोमैया की शिकायत के बाद सबकी नजरें मुंबई पुलिस और इमिग्रेशन विभाग के अगले कदम पर टिकी थीं।
मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में 'CJP प्रदर्शन' के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही थी।
इमरान अपनी गर्लफ्रेंड लेखा वाशिंगटन और बहन जैन मैरी खान के साथ इस प्रदर्शन में पहुंचे थे, जहां उन्हें हिरासत में लिया गया। इस पूरे बवाल के बाद अब अभिनेता पर देश छोड़ने की नौबत आ गई है।