Loading...
क्या है नेपाल के जनकपुर धाम का पौराणिक महत्व, जिसे अयोध्या से जोड़ेगी विशेष ट्रेन?
नेपाल के जनकपुर धाम को अयोध्या से जोड़ेगी विशेष ट्रेन (तस्वीर: प्रतीकात्मक)

क्या है नेपाल के जनकपुर धाम का पौराणिक महत्व, जिसे अयोध्या से जोड़ेगी विशेष ट्रेन?

Nov 23, 2026
04:52 pm

क्या है खबर?

भारत और नेपाल के सदियों पुराने धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों में नया अध्याय जुड़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने दिल्ली के हैदराबाद हाउस से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम को जोड़ने वाली नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर अयोध्या कैंट स्टेशन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। आइए जनकपुर धाम का पौराणिक महत्व जानते हैं।

धाम

क्या है नेपाल का जनकपुर धाम?

नेपाल के मधेश प्रदेश (धनुषा जिला) में स्थित जनकपुर धाम हिंदू धर्म के पवित्र तीर्थ स्थलों में शामिल है।

पौराणिक मान्यताओं और रामायण परंपरा के अनुसार, यह प्राचीन मिथिला साम्राज्य की राजधानी थी, जहां राजा जनक का शासन था। इसी पावन भूमि पर माता सीता (जानकी) का भूमि में से प्रकट हुई थी।

ऐसे में यह स्थान भारतीय हिंदु समुदाय के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है और हर साल वहां भारत से हजारों लाेग जाते हैं।

महत्व

राम-सीता विवाह की साक्षी भूमि

जनकपुर धाम वही ऐतिहासिक स्थान है, जहां भगवान श्रीराम ने शिव धनुष तोड़कर माता सीता से विवाह किया था।

आज भी हर साल विवाह पंचमी के अवसर पर अयोध्या से जनकपुर तक भव्य 'राम बारात' निकाली जाती है। जनकपुर में स्थित भव्य जानकी मंदिर (नौलखा मंदिर) अपनी अद्भुत वास्तुकला के लिए विश्व प्रसिद्ध है।

यहां राम मंदिर, विवाह मंडप, धनुष सागर और गंगा सागर जैसे पवित्र कुंड स्थित हैं, जहां दोनाें देशों से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।

ADVERTISEMENT

कहावत

भारत में अयोध्या और जनकपुर को लेकर प्रसिद्ध है यह कहावत

हिंदू मान्यताओं और रामायण के अनुसार, जनकपुर धाम माता सीता की जन्मस्थली है। चूंकि भगवान श्रीराम अयोध्या के थे, इसलिए भारत में उत्तर प्रदेश और बिहार के लोग जनकपुर को भगवान राम की ससुराल और माता सीता का मायका मानते हैं।

इसी वजह से दोनों देशों के बीच 'रोटी-बेटी के रिश्ते' की कहावत प्रचलित है।

भारत और नेपाल के बीच 1950 की मैत्री संधि के कारण भारतीयों को जनकपुर धाम जाने के लिए पासपोर्ट या वीजा की आवश्यकता नहीं है।

ADVERTISEMENT

ट्रेन

अयोध्या और जनकपुर के बीच क्यों चलाई जा रही है ट्रेन?

भारत ने नेपाल सरकार के साथ इन दोनों धार्मिक स्थलों को जोड़ने के लिए नई 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' साप्ताहिक ट्रेन की शुरुआत की है।

इस ट्रेन का नाम अयोध्या में बहने वाली सरयू नदी और नेपाल के मिथिला क्षेत्र में बहने वाली कमला नदी के नाम पर रखा गया है।

भारत सरकार की 'रामायण सर्किट' योजना के तहत श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रमुख स्थलों को जोड़ा जा रहा है। इसमें जनकपुर धाम सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।

संचालन

कब से शुरू होगा ट्रेन का संचालन?

रेल मंत्रालय के मुताबिक, सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सप्ताह में एक बार चलेगी।

यह हर सोमवार को शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी और अगले दिन (मंगलवार) दोपहर 12:40 बजे (नेपाली समयानुसार) जनकपुर धाम पहुंचेगी।

वापसी में यह हर शनिवार को दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम से चलेगी और अगले दिन (रविवार) सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।

आम यात्रियों के लिए इस ट्रेन का नियमित रूप से संचालन 28 नवंबर से शुरू होगा।

ठहराव

कहां-कहां होगा इस ट्रेन का ठहराव?

रेल मंत्रालय के अनुसार, यह ट्रेन अयोध्या से जनकपुर तक 604 किलोमीटर का सफर तय करेगी।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार राजा दशरथ को राम बारात लेकर अयोध्या से जनकपुर पहुंचने में 4 दिन लगे थे।

यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जरूरी कस्बों और शहरों से गुजरेगी।

अपने शुरुआती और आखिरी स्टेशनों के अलावा इस ट्रेन का ठहराव मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो हॉल्ट, मधुबनी और जयनगर रेलवे स्टेशनों पर होगा।

कोच

सरयू-कमला एक्सप्रेस में होंगे 17 कोच

यह ट्रेन मॉडर्न 17-कोच LHB (लिंक हॉफमैन बुश) रेक के साथ चलेगी। इसमें 2 AC 2-टियर कोच ( 52 बर्थ), 3 AC 3-टियर कोच (72 बर्थ), और 3 AC 3-टियर इकॉनमी कोच (80 बर्थ) होंगे।

इसमें 7 स्लीपर कोच और एक LSLRD कोच भी होगा। ट्रेन में पावर जेनरेशन के लिए एक LWLRRM कोच भी होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस रेल सेवा को दोनों देशों के 'रोटी-बेटी के रिश्ते' को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया है।

ADVERTISEMENT