नेपाल और भारत के बीच रक्सौल-काठमांडू रेल लिंक और काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ हवाई मार्ग पर क्या बनी सहमति?
क्या है खबर?
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र (बालेन) शाह ने अपने 2 दिवसीय भारत दौरे में भारत के साथ कई समझौते किए हैं, जिसमें रेल और हवाई मार्ग को लेकर काफी चर्चा है। दोनों देशों ने रक्सौल-काठमांडू इलेक्ट्रिक ब्रॉड गेज रेलवे के फील्ड लोकेशन सर्वे (FLS) को अंतिम रूप दे दिया है। साथ ही, नेपाल और भारत काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ हवाई मार्ग को दोतरफा बनाने पर सहमत हो गए हैं। इन दोनों रेल और हवाई मार्ग से भारत को क्या फायदा होगा? आइए, जानते हैं।
रेल मार्ग
रक्सौल-काठमांडू रेल लिंक क्या है?
यह बिहार के रक्सौल से काठमांडू को रेल लाइन से जोड़ने की बड़ी अंतरराष्ट्रीय परियोजना है। इसके बनने से रक्सौल-काठमांडू तक ट्रेन चलेगी।
विद्युतीकृत ब्रॉड-गेज परियोजना की लंबाई 136 किलोमीटर है, जिसमें 13 स्टेशन होंगे। पूरी रेल लाइन में 31 प्रतिशत हिस्सा पहाड़ों के अंदर 42 सुरंग से निकालेगा और 124 बड़े पुल बनेंगे।
परियोजना करीब 70,000 करोड़ रुपये की है। भारत तकनीक और फंडिंग में मदद करेगा। इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) बन चुकी है, अब निर्माण शुरू होगा।
फायदा
इसके बनने से क्या फायदा है?
इसके बनने से नेपाल और भारत दोनों को कई तरह से फायदा पहुंचेगा। काठमांडू सीधे रेल मार्ग से जुड़ेगा, जहां तक पहुंचने के लिए अभी सड़क और हवाई मार्ग है।
भारत के बंदरगाह से नेपाल तक माल आसानी से पहुंच सकेगा, जिससे लागत घटेगी, व्यापार आसान होगा और कीमतें कम होंगी।
दोनों देशों में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, खासकर पशुपति नाथ के लिए। हर साल पहाड़ी इलाके में होने वाले सड़क हादसे कम होंगे।
जानकारी
2018 में हुई थी पहल
परियोजना पर सहमति अप्रैल 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के बीच हुई थी। विदेश मत्रालय ने 2018-2019 शुरूआती सर्वे किया था। मार्च 2026 में रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा में DPR तैयार होने की बात कही थी।
हवाई परियोजना
काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ हवाई मार्ग को लेकर क्या बनी सहमति?
नेपाल और भारत के बीच काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ हवाई मार्ग को दो-तरफा करने पर सहमति बनी है। पहले यह एकतरफा हवाई मार्ग था।
दरअसल, अभी तक नेपाल से भारत के लिए उड़ानें काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ मार्ग से संभव है, लेकिन भारत से कोई उड़ान इस रास्ते से नेपाल में प्रवेश नहीं कर सकती।
अब नए समझौते से लखनऊ से भैरहवा होते हुए नेपाल के लिए हवाई मार्ग खुलेगा। हालांकि, इस पर तकनीकी परामर्श होना बाकी है।
फायदा
इससे फायदा क्या है?
इस समझौते से नेपाल को अधिक फायदे हैं। उसे भैरहवा के गौतम बुद्ध अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय उड़ाने बढ़ने की संभावना है।
विमान का रास्ता छोटा होगा तो दूरी कम होगी और ईंधन बचेगा। यहां से 22 किलोमीटर दूर लुंबिनी में पर्यटन बढ़ेगा।
भारत को भी इससे फायदे होंगे, जिसमें लखनऊ का महत्व बढ़ेगा, लखनऊ नेपाल के साथ हवाई संपर्क का नया केंद्र बनेगा और व्यावसायिक यात्राएं आसान होंगी।
बातचीत
दिल्ली-काठमांडू-महेंद्रनगर हवाई मार्ग पर नहीं बनी सहमति
नेपाल काफी समय से मांग कर रहा है कि भारत महेंद्रनगर के रास्ते नेपाल में अंतरराष्ट्रीय विमानों को प्रवेश की अनुमति दे, लेकिन इस दौरे में इस पर कोई फैसला नहीं हुआ।
मार्ग का इस्तेमाल नेपाल से बाहर जाने वाले विमान कर सकते हैं, लेकिन भारत से नेपाल आने वाले विमानों को इस रास्ते से प्रवेश की अनुमति नहीं।
अगर मार्ग पर फैसला हो तो दिल्ली और पश्चिमी देशों से आने वाले विमानों के लिए नेपाल पहुंचने वाली दूरी घटेगी।
मांग
भारत क्यों नहीं दे रहा सहमति?
यह मांग 2009 में उठी थी। प्रधानमंत्री मोदी जब 2014 में नेपाल गए, तब भी चर्चा हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
दरअसल, विमानों को इस रास्ते नेपाल जाने की अनुमति गोरखपुर में भारतीय वायुसेना के महत्वपूर्ण एयरबेस की वजह से नहीं मिल रही, जिसकी सुरक्षा एजेंसियों को चिंता है।
इसके अलावा, भारत चाहता है कि पश्चिम बंगाल के बागडोगरा एयरपोर्ट से कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें नेपाल के पूर्वी हवाई क्षेत्र से गुजरें, लेकिन सैन्य विमानों पर नेपाल सहमत नहीं है।