पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में ट्रेन ने स्कूल वैन में टक्कर मारी, 3 छात्रों की मौत
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह-सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां एक ट्रेन ने रेलवे ट्रैक पार कर रही स्कूल वैन को टक्कर मार दी। घटना के समय रेलवे क्रॉसिंग खुला हुआ था, जिससे स्कूल वैन ट्रैक पार करने की कोशिश कर रही थी, तभी ट्रेन ने जोरदार टक्कर मारी। हादसे में 3 छात्रों और एक साइकिल सवार की मौत हो गई है, जबकि कुछ लोगों की हालत गंभीर है। सभी घायल मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं।
हादसा
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह हावड़ा जाने वाली नबद्वीप धाम एक्सप्रेस गुजरने से पहले फाटक बंद था, जिसके गुजरने के बाद फाटक खोल दिया गया।
इसके तुरंत बाद निमितिता-कटवा पैसेंजर ट्रेन को गुजरना था, लेकिन फाटक बंद नहीं किया गया। तभी वैन चालक ने क्रॉसिंग खुली देखी और ट्रैक पार करने की कोशिश की, जिससे हादसा हो गया।
घटना के समय एक साइकिल सवार भी ट्रैक पार करने की कोशिश कर रहा था, जो चपेट में आ गया।
जांच
हादसे के बाद वैन में फंस गए बच्चे
पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रेन की टक्कर से स्कूल वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पटरी के किनारे गिरी। उसमें बच्चे फंस गए थे।
हादसे में गोबिंदपुर गांव के 3 छात्र और साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। साइकिल सवार की पहचान 50 साल के जमशेद शेख के तौर पर हुई है।
हादसे के बाद वैन में फंसे बच्चों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग पहुंचे और उन्हें बचाने की कोशिश की।
जांच
घटना की जांच शुरू
स्थानीय लोगों ने गेटमैन पर लापरवाही का आरोप लगाया और रेलवे के सिग्नल सिस्टम पर सवाल उठाए।
पूर्वी रेलवे अधिकारियों ने इस हादसे की उच्च-स्तरीय जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ अधिकारियों की 4 सदस्यीय टीम घटना की बारीकी से जांच करने के लिए हावड़ा से दुर्घटना स्थल के लिए रवाना हो गई है।
अधिकारी इस बात की भी जांच करेंगे कि घटना के समय गेटमैन कहां था और फाटक बंद करने में लापरवाही क्यों हुई।