Page Loader
पहाड़ों पर नहीं थम रहा बारिश का कहर, मौसम विभाग ने फिर दी चेतावनी 
देश के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है (तस्वीर: अनस्प्लैश)

पहाड़ों पर नहीं थम रहा बारिश का कहर, मौसम विभाग ने फिर दी चेतावनी 

Jul 08, 2025
09:20 am

क्या है खबर?

मानसून की बारिश पहाड़ी राज्यों में आफत बनकर बरस रही है। हिमाचल प्रदेश के बाद जम्मू-कश्मीर में 7 जुलाई को बादल फटने से तबाही मच गई। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से चल रही नमी वाली हवाओं के चलते अगले 3 दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में जोरदार बारिश होने के संकेत हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली NCR भारी से भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

नुकसान 

जम्मू-कश्मीर में फटे बादल 

जम्मू-कश्मीर में 7 जुलाई को हुई भारी बारिश ने राजौरी और पुंछ में हालात बिगड़ गए, जबकि लोरान तहसील में बादल फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मकान-दुकानों में पानी भरने से लोगों को भारी नुकसान हुआ है। दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश में पिछले दिनों हुई आफत की बारिश से 450 से अधिक मकान तहस-नहस हो गए और 53 लोग लापता हैं। हिमाचल प्रदेश समेत उत्तराखंड में 2-3 दिन मूसलाधार बारिश जारी रहने की संभावना है।

बारिश  

इन राज्यों में होगी भारी बारिश 

बंगाल की खाड़ी में अभी बने निम्न दबाव के आगे बढ़ने से अभी झारखंड और ओडिशा में बारिश जारी है, लेकिन 8 जुलाई को इसमें कुछ कमी आ जा सकती है। IMD ने उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा और तेलंगाना के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में मानसून की स्थिति कमजोर बनी रहेगी, लेकिन 2-3 दिनों के बाद बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है।

दिल्ली NCR 

दिल्ली NCR में अगले 2-3 दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली NCR में मंगलवार को येलो अलर्ट जारी किया गया है और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। अभी हरियाणा के पास एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है और पंजाब से लेकर विदर्भ तक एक ट्रफ लाइन गुजर रही है, जिसके बड़े क्षेत्र में भारी से अति बारिश हो सकती है। इसके चलते 3-4 दिनों तक लगभग पंजाब, हरियाणा के साथ दिल्ली NCR में आफत की बारिश हो सकती है।

मुंबई

मुंबई में फिर जोर पकड़ेगा मानसून

महाराष्ट्र में मानसूनी बारिश का दौर मंगलवार को भी जारी रहेगा और आने वाले दिनों में इसके तेज होने की उम्मीद है। मुंबई में लगातार हो रही बारिश के कारण IMD ने 8 और 10 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अभी तक यहां ज्यादा बारिश नहीं हुई, लेकिन आने वाले दिनों में मानसून के फिर से जोर पकड़ने की उम्मीद है। मंगलवार को यहां बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।