Page Loader
पहाड़ों में बिछी बर्फ की चादर से मैदानों में ठंड का कहर, बारिश का भी अलर्ट 
पहाड़ों राज्यों इन दिनों बर्फ की चादर बिछी हुई है (तस्वीर: एक्स/@MkMD72)

पहाड़ों में बिछी बर्फ की चादर से मैदानों में ठंड का कहर, बारिश का भी अलर्ट 

Jan 06, 2025
09:38 am

क्या है खबर?

देश में पहाड़ी राज्य इन दिनों बर्फ से ढके हैं और मैदानी इलाके कोहरे की चादर ओढे हुए हैं। इसके चलते पूरे उत्तर भारत में सर्दी का सितम जारी है। कई राज्यों में सूरज के दर्शन नहीं हो रहे। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के चलते कुछ राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है। कोहरे के कारण राजधानी दिल्ली सहित कई जगह हवाई और रेल सेवा प्रभावित हो रही है। कई जगह स्कूलों की छुटि्टयां बढ़ा दी गई हैं।

पहाड़ी राज्य 

पहाड़ों में आज कैसा रहेगा मौसम?

पश्चिमी विक्षोभ के कारण आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगितबाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर भारी बारिश या बर्फबारी होगी। कश्मीर में ऊंचाई वाले कई इलाकों में रविवार से ही बर्फबारी तेज हो गई है। उत्तराखंड के औली में भी ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है। हिमाचल प्रदेश में आज शीतलहर के साथ बर्फबारी और कहीं-कहीं भारी बारिश की भी चेतावनी है।

दिल्ली 

राजधानी में आज हो सकती है बारिश 

राजधानी दिल्ली में आज कोहरे से थोड़ी राहत देखने को मिली है, लेकिन आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने से सर्दी का जोर और तेज होगा। माैसम विभाग की मानें तो आज न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम 18 डिग्री रह सकता है। ठिठुरन वाली सर्दी के कारण स्कूलों में आज छुट्‌टी कर दी गई है। 8 जनवरी को कुछ जगहों पर घना कोहरा रह सकता है और 11 जनवरी को फिर बूंदाबांदी की संभावना है।

अन्य राज्य 

आज कहां-कहां रहेगा कोहरा? 

उत्तर प्रदेश के लोग भी भीषण सर्दी का कहर झेल रहे हैं। आज लखनऊ में कोल्ड डे का अलर्ट है। यहां आज न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम 14 डिग्री रह सकता है। मंगलवार से यहां सुबह कोहरा और बादल छाए रहने की संभावना है। राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों में आज भी कोहरे के साथ शीतलहर का कहर जारी रहेगा। बिहार में अगले 2 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है।