
उत्तर भारत में बारिश से आज भी बिगड़ेगा मौसम, भीषण गर्मी से राहत
क्या है खबर?
उत्तर भारत में इन दिनों मौसम पूरी तरह से बदला हुआ है। अंधड़-बारिश के चलते अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और लू से राहत मिली हुई है। इस सप्ताह ऐसा ही मौसम बना रहने के आसार हैं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज (5 मई) उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में बादल छाए रहने की संभावना जताई है।
इस दौरान तेज आंधी और बारिश के साथ वज्रपात और ओलावृष्टि की भी आशंका है।
अलर्ट
राजस्थान के 14 जिलों में अलर्ट
राजस्थान के कई जिलों में सोमवार सुबह से तूफानी बारिश का दौर जारी है। इस दौरान 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं।
इस कारण जगह-जगह पेड़ टूटकर गिर गए हैं। इसके अलावा ट्रांसफार्मर गिरने से कई गांवों की बिजली गुल हो गई। इसके साथ ही सड़कों पर गाड़ी चलाने में दिक्कत हो रही है।
प्रदेश के 14 जिलों में तेज बारिश, बिजली गिरने, तेज आंधी और ओले गिरने का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
गर्मी
इस तरीख के बाद उत्तर प्रदेश में फिर बढ़ेगी गर्मी
उत्तर प्रदेश में आज बादलों की आवाजाही रहेगी और 6 मई तक गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा कई हिस्सों में आंधी और ओलावृष्टि की संभावना व्यक्त की जा रही है।
IMD ने 8 मई को बादल छट सकते हैं और 9 मई से फिर भीषण गर्मी का दौर शुरू होने के आसार हैं।
पंजाब और हरियाणा में आज भी बारिश और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया गया है।
पहाड़ी राज्य
पहाड़ी राज्यों में आज कैसा रहेगा मौसम?
हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में अगले 6 दिनों तक आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
शिमला में रविवार दोपहर भारी ओलावृष्टि हुई, जबकि शनिवार रात चंबा जिले के गांव में बादल फटने से बाढ़ आ गई।
उत्तराखंड में आंधी और बारिश के साथ कुछ क्षेत्रों में बर्फबारी का पूर्वानुमान है। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर में भी आज ऐसा ही मौसम रहने की संभावना जताई जा रही है।
राहत
दिल्ली में कब तक रहेगी गर्मी से राहत?
दिल्ली NCR में शनिवार से ही बारिश और अंधड़ के कारण लोगाें को गर्मी से राहत मिली हुई है। IMD ने आज यहां बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
इस दौरान 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम 24 डिग्री के आस-पास रहने का अनुमान है। 8-9 मई तक यहां बादल छाए रह सकते हैं।