Page Loader
पहाड़ों पर भारी बर्फबारी के साथ हिमस्खलन की चेतावनी, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम 
पहाड़ी राज्यों में फिर से भारी बर्फबारी शुरू हो गई है (तस्वीर: एक्स/@DhyeyMishra)

पहाड़ों पर भारी बर्फबारी के साथ हिमस्खलन की चेतावनी, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम 

Feb 26, 2025
09:14 am

क्या है खबर?

पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई राज्यों में बारिश और तूफान का खतरा मंडरा रहा है। पहाड़ी राज्यों में चक्रवात के कारण भारी बर्फबारी और बारिश हो सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान लगाया गया है। यह स्थिति 2 मार्च तक बनी रह सकती है। दूसरी तरफ मुंबई, ठाणे, रत्नागिरी और रायगढ़ में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक जा सकता है।

बर्फबारी 

इन राज्यों में होगी भारी बर्फबारी 

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हिमाचल प्रदेश में 28 फरवरी तक आंधी, तेज बारिश और भारी हिमपात होने से यातायात और अन्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, भारी बर्फबारी के कारण प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में हिमस्खलन हो सकता है। कश्मीर में मंगलवार को पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश हुई। जम्मू में भी पूरे दिन रुक-रुककर बारिश होती रही। 28 फरवरी तक कश्मीर में भारी बर्फबारी या बारिश से हिमस्खलन की संभावना है।

बारिश 

दिल्ली से लेकर राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम? 

दिल्ली में आज (26 फरवरी) को पूरे दिन बादल छाए रह सकते हैं। कई इलाकों में छिटपुट बारिश होने की भी आशंका है। इसके बाद यहां अगले 2 दिनों तक बारिश के साथ आंधी आने की संभावना बनी हुई है। दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश में आज मौसम साफ रहेगा, लेकिन 27 फरवरी से 2 दिनों तक बारिश हो सकती है, जिससे ठंड़ में इजाफा होगा। राजस्थान में भी आज बादल छाए रहेंगे और 27 फरवरी को बारिश का पूर्वानुमान है।