
उत्तर प्रदेश-बिहार में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए पहाड़ों पर कैसा रहेगा मौसम
क्या है खबर?
मानसून की विदाई से पहले कुछ राज्यों को खूब भिगो रहा है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और महाराष्ट्र में बारिश ने जमकर तबाही मचा रखी है। भूस्खलन, नदी-नालों में उफान और बाढ़ जैसे हालातों ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 2 दिनों तक बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। दूसरी तरफ राजस्थान, गुजरात और पंजाब के कुछ हिस्सों से मानसून वापसी करेगा।
पहाड़ी राज्य
पहाड़ी राज्यों में जारी है बारिश की आफत
शुष्क पछुआ हवाओं और नमी से भरी पूर्वी हवाओं के बीच टकराव के कारण हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में मंगलवार रात को भारी बारिश हुई। उत्तराखंड में अगले 2 दिनों तक भारी बारिश होने की आशंका जताते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की हिदायत दी है। हिमाचल प्रदेश के 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। धर्मपुर, मनाली और बंजार में बारिश से हुए नुकसान के चलते स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे।
अलर्ट
इन राज्यों में जमकर बरसेंगे बादल
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने पलटा खाया है। अगले 2 दिनों तक पूर्वी हिस्से में झमाझम बारिश होने के आसार हैं। इसके बाद मानसून का जोर कमजोर पड़ जाएगा। बिहार के सभी 36 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दारौन 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा भी चलेगी। मध्यप्रदेश के खरगोन और बड़वानी में 24 घंटे के अंदर तेज बारिश का अलर्ट है, जबकि झारखंड़ में अगले 3 दिन बारिश के आसार हैं।
राहत
इन राज्यों में मिलेगी बारिश से राहत
बाढ़ की त्रासदी झेल चुके पंजाब के कुछ जिलों में 17-18 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हरियाणा में मानसून फिर सक्रिय हो गया है, जिसके चलते 15 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। 20 सितंबर को दोनों राज्यों से मानसून की विदाई हो सकती है। दूसरी तरफ आधे राजस्थान से मानसून की विदाई हो गई है। बुधवार शाम से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर फिर शुरू हो सकता है।
तापमान
दिल्ली में फिर शुरू हुआ गर्मी का दौर
दिल्ली में फिलहाल बारिश का दौर थम गया है। बुधवार को आंशिक रूस से बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक और न्यूनतम 23-25 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। IMD ने महाराष्ट्र के ज्यादातर जिलों के लिए ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है, वहीं चेन्नई के लिए 19 सितंबर तक येलो अलर्ट रहेगा। इसके अलावा तेलंगाना के 4 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।