
पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी से होने लगा सर्दी का अहसास, आज यहां होगी बारिश
क्या है खबर?
पहाड़ी इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी हो चुकी है। इसके चलते ठंडी हवाओं के कारण दिल्ली समेत कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदल गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बर्फबारी से हरियाणा, राजस्थान समेत उत्तर भारत के राज्यों में तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है।
साथ ही पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर में हल्की ठंड की शुरुआत हो गई है। दूसरी तरफ दक्षिण भारत में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश
इन राज्यों में आज हो सकती है बारिश
उत्तरी भारत से मानसून लौटकर अब दक्षिण राज्यों में पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज और कल असम, मेघालय, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
साथ ही रायलसीमा, पुडुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश, मणिपुर, नागालैंड, त्रिपुरा और मिजोरम के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश होने के आसार हैं।
आज बिहार और झारखंड में कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने की संभावना है, जबकि राजस्थान सहित कुछ राज्यों में बादल छाए रहेंगे।
दिल्ली
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम
दिल्ली में आज के मौसम की बात करें तो यहां कहीं-कहीं बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 34 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम 19 डिग्री तक रह सकता है।
इसके बाद 14 और 15 अक्टूबर तक न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री का इजाफा होगा।
पहाड़ों से आ रही उत्तर-पश्चिमी हवाएं अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान को कम कर सकती हैं। अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान 18 से 21-डिग्री के आसपास रह सकता है।