दिल्ली समेत 15 राज्यों में बिगड़ेगा मौसम, कहीं बारिश तो कहीं ओले गिरने की चेतावनी
क्या है खबर?
मार्च में इस बार मौसम का अलग ही मिजाज देखने को मिल रहा है। आमतौर इस महीने में तेज गर्मी शुरू हो जाती है, लेकिन इस बार ठंडी हवाएं चल रही हैं। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती सिस्टम के कारण उत्तर भारत में बारिश, अंधड़ और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो रही है, जबकि मध्य और दक्षिण भारत में गर्मी पड़ रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार को 15 राज्यों में तूफानी हवाओं के साथ बादल बरसने का अनुमान जताया है।
ओलावृष्टि
इन राज्यों में ओले गिरने की संभावना
उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30-50 किमी/घंटा की गति से हवा चल सकती है, जबकि बिहार और झारखंड़ में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। मध्य प्रदेश में सोमवार दोपहर बाद कुछ जिलों में झमाझम बारिश हुई।आज 6 जिलों में ओलावृष्टि होने के आसार हैं। राजस्थान में भी सोमवार को 6 जिलों में बारिश हुई, जिससे तापमान 5 डिग्री तक गिर गया। मंगलवार को कई जगह बादल छाए रहेंगे।
बारिश
पहाड़ों पर हो रही भारी बारिश
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। जम्मू-कश्मीर में सोमवार को भारी बारिश के चलते भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गया। हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले में सोमवार दोपहर बाद भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई, जबकि रोहतांग में शाम को बर्फबारी हुई। इन राज्यों में 4 अप्रैल तक पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा। इसके अलावा महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बारिश-ओलावृष्टि के साथ बिजली गिरने के आसार हैं।
ट्विटर पोस्ट
भारी बारिश के कारण जम्मू-कश्मीर में हुआ भूस्खलन
#WATCH | J&K: After heavy rainfall, the Jammu-Srinagar National Highway is blocked due to a landslide at Mehar area of Ramban district. Restoration work is going on. pic.twitter.com/3Ec7kHwsE4
— ANI (@ANI) March 31, 2026
राहत
राजधानी में कुछ दिन और रहेगी गर्मी से राहत
दिल्ली समेत NCR में सोमवार को बूंदाबांदी देखने को मिली, जिससे मौसम सुहाना हो गया। आज सुबह से ही कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं और कुछ इलाकों में बौछारें पड़नें की संभावना है। इस दौरान 20-30 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है, वहीं अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री और न्यूनतम 17-19 डिग्री के बीच रह सकता है। अगले 2 दिनों में राजधानी के तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।