3 दिनों तक जारी रहेगा भीषण लू का प्रकोप, इन राज्यों में बारिश से मिलेगी राहत
क्या है खबर?
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश शहरों का तापमान 40-46 डिग्री के बीच बना हुआ है, वहीं उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान के 7 शहरों में रविवार को तापमान 46 डिग्री के ऊपर चला गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 3 दिनों तक कई राज्यों में लू का प्रकोप जारी रहने का अनुमान जताया है। दूसरी तरफ, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में जारी बारिश का असर एक सप्ताह तक जारी रहने के आसार हैं।
गर्मी
इन राज्यों में चलेगी लू
IMD ने हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, विदर्भ और हिमाचल प्रदेश में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।पश्चिमी राजस्थान में दिन के समय लू और रात को गर्म हवा चलेगी। उत्तराखंड के देहरादून में हीटवेव के चलते 27 अप्रैल को 12वीं तक के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के निर्देश हैं। इसी प्रकार मध्य प्रदेश के इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और उज्जैन में 8वीं तक के स्कूल 30 अप्रैल तक बंद कर दिए हैं।
अलर्ट
इन राज्यों में बारिश-अंधड़ का अलर्ट
एक तरफ देश में भीषण गर्मी पड़ रही है, दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड में गरज के साथ बिजली गिरने, ओलावृष्टि और भारी बारिश की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में मौसम बदल सकता है। इन राज्यों 27-28 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा, राजधानी दिल्ली में भी लू का असर देखने को मिलेगा।