पहाड़ों पर होने वाली बारिश-बर्फबारी से फिर बिगड़ेगा मौसम, जानिए आपके शहर का हाल
क्या है खबर?
उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। दिन के समय तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास बढ़ गया है, लेकिन सुबह-शाम के वक्त गलन बरकरार है। इसके साथ ही कई जगह हल्का कोहरा नजर आ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 2 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं, जिससे 9-11 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी की संभावना है। इससे मैदानी इलाकों में सर्दी का जोर बढ़ेगा।
तापमान
कई राज्यों में सर्दी से मिली राहत
पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद उत्तर प्रदेश में पहाड़ों से आ रही ठंडी हवा के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और कई इलाकों में कोहरा देखने को मिल रहा है। राजस्थान में अधिकांश इलाकों में दिन का तापमान 25 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जिससे दिन में गलन से राहत मिली है, लेकिन सुबह-शाम के वक्त ठिठुरन बरकरार है। बिहार में सुबह कोहरा रहेगा, लेकिन में धूप के कारण सर्दी से राहत रहेगी।
सर्द हवा
राजधानी में रहेगा सर्द हवा का प्रकोप
दिल्ली NCR में आज सुबह हल्की धुंध नजर आई, जो दिन चढ़ने के साथ छटती जाएगी। इस दौरान 15-25 किमी/घंटा की रफ्तार से सतही हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे ठंड महसूस होगी। अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आस-पास दर्ज किया जा सकता है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और बढ़ोतरी होगी। प्रदूषण की बात करें तो वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 250 के आस-पास रहने का अनुमान है।