5 राज्यों में बारिश के साथ अंधड़ चलने का अलर्ट, कई शहरों में पड़ेगी भीषण गर्मी
क्या है खबर?
होलिका दहन के साथ ही देशभर में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। अधिकांश हिस्सों में सर्दी का असर लगभग खत्म नजर आ रहा है और गर्मी पैर पसारने लगी है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में बारिश और अंधड़ की संभावना है। दूसरी तरफ, 7-9 मार्च के बीच हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी हो सकती है।
बारिश
उत्तर प्रदेश में बदलेगा मौसम
उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्से में आज हल्की बूंदाबांदी या बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में 1-2 डिग्री की गिरावट आ सकती है, वहीं दूसरे इलाकों में गर्मी बढ़ने की उम्मीद है। बिहार के 10 जिलों में पारा ऊपर चढ़ने के आसार हैं और तेज अंधड़ भी चल सकता है। इसी प्रकार पश्चिमी राजस्थान में तापमान 33 डिग्री से ऊपर जाने के कारण गर्मी जोर पकड़ रही है और अब अन्य हिस्सों में भी पारा चढ़ रहा है।
तापमान
राजधानी में बढ़ेगा तापमान
दिल्ली NCR में अब सर्दी की विदाई मानी जा रही है, क्योंकि तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया है। आसमान साफ रहने से दिनभर तीखी धूप निकल रही है। मौसम विभाग ने 4 मार्च से बड़े बदलाव का संकेत देते हुए कहा है कि इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके अलावा आने वाले दिनों में धूल भरी हवा चलने के भी आसार हैं, जिससे वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।