बारिश और बर्फबारी से फिर लौट आई सर्दी, मौसम विभाग ने दिया अलर्ट
क्या है खबर?
पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत में मौसम ने पलटा खाया है। गर्मी की जगह सुबह-शाम गुलाबी सर्दी का अहसास फिर से लौट आया है। पहाड़ी राज्यों में भी बर्फबारी होने से सर्द हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली NCR, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में 18 मार्च तक अंधड़ चलने और बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है।
बर्फबारी
बर्फबारी ने बढ़ाई सैलानियों की मुसीबत
हिमाचल प्रदेश में मनाली स्थित अटल सुरंग और जिले के ऊपरी इलाकों में सोमवार को भारी हिमपात हुआ, जिससे पर्यटकों के सैंकड़ों वाहन फंस गए। इसके अलावा लद्दाख में भी बर्फबारी देखने को मिली है। उत्तराखंड में बद्रीनाथ धाम मंदिर परिसर पूरी तरह बर्फ की मोटी चादर से ढक गया है। 21 मार्च तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में रुक-रुककर बारिश और बर्फबारी की स्थिति बन सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा।
ट्विटर पोस्ट
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के कारण बदं हुआ अटल सुरंग
#WATCH | Himachal Pradesh: Tourists stranded in the snowfall have been rescued continuously due to heavy snowfall at the South of Atal Tunnel. The Meteorological Department has issued an orange alert for heavy snowfall and rain in the coming days. (16.03)
— ANI (@ANI) March 17, 2026
(Visual Source: Police) https://t.co/CRd0Igz5GH pic.twitter.com/oe4heDrJKT
तापमान
अधिकतम तापमान में आई गिरावट
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे गर्मी से राहत मिली है। कुछ जगहों पर आंधी के साथ बारिश भी दर्ज की गई। आज भी प्रदेश में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना है। राजस्थान में पिछले 24 घंटे में कुछ जगह बारिश होने से तापमान 2-4 डिग्री कम हो गया है। बिहार में अगले कुछ दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई देगा, जिससे मौसम खराब बना रहेगा।
बारिश
राजधानी में बारिश से मिलेगी राहत
दिल्ली NCR में पिछले 24 घंटों में मौसम बदल गया और लोगों को ठंडक महसूस हो रही है। यहां 2 दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। आज न्यूनतम तापमान 15-18 और अधिकतम 25-28 डिग्री के बीच रह सकता है। स्काईमेट के अनुसार, अगले 3 दिनों तक ओडिशा, असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय और पश्चिम बंगाल में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश हो सकती है, जबकि महाराष्ट्र और गुजरात में बादल छाए रहने का अनुमान है।