जम्मू-श्रीनगर के लिए अब नहीं होगा इंतजार! 30 अप्रैल से दौड़ेगी सर्दी से लड़ने वाली वंदे भारत
जम्मू से श्रीनगर के बीच का सफर अब और भी आसान होने जा रहा है। 30 अप्रैल को वंदे भारत एक्सप्रेस अपनी नई सेवा शुरू करेगी। पहली ट्रेन सुबह 10:30 बजे जम्मू तवी से रवाना होगी, जिससे इस क्षेत्र में यात्रा अब और भी तेज और आरामदायक बन जाएगी। यह कटरा-श्रीनगर के बीच शुरू हुई पहली सेवा के बाद एक और बड़ा कदम है, जिसका उद्घाटन पिछले साल 6 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।
वंदे भारत कश्मीर की सर्दियों के लिए तैयार
यह ट्रेन कश्मीर की कड़ाके की ठंड का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। इसमें खास हीटिंग टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है, जो पानी की पाइपलाइनों और शौचालयों को जमने से रोकेगी।
इसके अलावा, बर्फबारी के दिनों के लिए इसमें गर्म विंडशील्ड भी लगाए गए हैं। साथ ही, AC कोच, ऑटोमैटिक दरवाजे, LED लाइट्स और CCTV कैमरे जैसी आधुनिक सुविधाएँ भी मौजूद हैं, जो यात्रा को और भी आरामदायक बनाएंगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल बताते हैं कि ये बदलाव सिर्फ सफर को सुगम बनाने के लिए ही नहीं, बल्कि इनसे इस क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।