
उत्तराखंड: उत्तरकाशी में खराब मौसम से ट्रैकिंग दल के 22 सदस्य लापता, 4 की संभावित मौत
क्या है खबर?
उत्तराखंड के उत्तरकाशी से बड़े हादसे की खबर आ रही है। यहां सहस्त्र ताल पर ट्रैकिंग के लिए पहुंचा 22 सदस्यीय दल लापता हो गया है।
इंडिया टुडे के मुताबिक, दल खराब मौसम के कारण रास्ता भटक जाने और मार्ग में फंसने से लापता हुआ है। इनमें 4 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग की टीम सक्रिय हो गई है।
हादसा
29 मई को निकले थे ट्रैकिंग पर
उत्तरकाशी के जिला मजिस्ट्रेट मेहरबान सिंह बिष्ट ने जानकारी दी कि ट्रैकिंग दल में कर्नाटक के 18 और महाराष्ट्र का एक सदस्य था। इसमें 3 स्थानीय गाइड भी शामिल थे।
यह दल 29 मई को सहस्त्र ताल की ट्रैकिंग पर निकले थे और उनको 7 जून को वापस लौटना था, लेकिन खराब मौसम के कारण ये मार्ग भटक गए।
उन्होंने बताया कि हिमालयन व्यू ट्रैकिंग एजेंसी, मनेरी ने 4 लोगों के मारे जाने की आशंका के बारे में बताया था।
अभियान
ट्रैकिंग करने वाले सदस्यों को बचाने के लिए अभियान शुरू
जिला प्रशासन के मुताबिक, एजेंसी ने 14 लोगों को बचाने का अनुरोध किया है, जिसके बाद हेलीकॉप्टर से उनका खोज अभियान चलाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि टिहरी सीमा पर 14,500 फीट ऊंचे सहस्त्र ताल ट्रैक पर 4 लोगों की मौत अत्यधिक ठंड की वजह से हुई है।
प्रशासन की ओर से अभी लापता लोगों की और जानकारी सामने नहीं आई है। बचाव अभियान जारी है।
ट्विटर पोस्ट
बचाव अभियान शुरू
टिहरी और उत्तरकाशी के मध्य सहस्त्रताल ट्रैक पर फंसा 22 सदस्यों वाला ट्रैकिंग दल, 4 सदस्यों की मृत्यु होनी की खबर, खबर मौसम के कारण भटके रास्ता, देहरादून से @uksdrf हैलीकॉप्टर के साथ रवाना..सकुशल लौटने की कामना..@ukcmo #ट्रैकिंग pic.twitter.com/yPU8fDyIRm
— NAVEEN UNIYAL (@uniyal85) June 5, 2024