
उत्तराखंड में भारी बारिश की वजह से केदारनाथ यात्रा रोकी गई, सोनप्रयाग-गौरीकुंड में फंसे यात्री
क्या है खबर?
उत्तराखंड में भारी बारिश की वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग प्रभावित हुए हैं। भूस्खलन की संभावना को देखते हुए केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है। बारिश की वजह से केदारनाथ से लौटने वाले 40 से अधिक यात्रियों को सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोक दिया गया है, वहीं कुछ यात्रियों को राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) ने बचाया है। गौरीकुंड में भी भूस्खलन से रास्ते में मलबा जमा हो गया है, जिसे हटाने का काम जारी है। जल्द यात्रा शुरू होगी।
समस्या
उत्तराखंड में 50 सड़कें बंद
पहाड़ी राज्य में बारिश के बाद से 2 राष्ट्रीय राजमार्ग समेत 50 सड़कें बंद हैं, जिससे चारधाम आने वाले तीर्थयात्रियों को खासी दिक्कत हो रही है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) के मुताबिक, देहरादून में लखवाड़ बैंड के पास विकासनगर-कालसी-बड़कोट राष्ट्रीय राजमार्ग में वाहनों की आवाजाही बंद है। उत्तरकाशी में ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग औजरी में बंद है। नैनीताल में काठगोदाम-हैडाखान राज्यमार्ग बंद है।
भूस्खलन
4 जिलों में भूस्खलन की संभावना
उत्तराखंड में भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने यहां के 4 जिलों टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली के लिए भूस्खलन की चेतावनी जारी की है। बताया गया है कि चमोली, उखीमठ, घनसाली, नरेंद्र नगर, धनोल्टी, डुंडा और चिन्यालीसौड़ सहित कई उपखंडों में 7-8 जुलाई को भूस्खलन हो सकता है। SEOC ने सभी जिला मजिस्ट्रेट, आपदा प्रबंधन अधिकारियों, पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) को अलर्ट किया है।