उत्तराखंड सरकार ने मिलावटी पनीर और घी पर की ब्रिक्री पर लगाई पाबंदी
देश
उत्तराखंड सरकार ने अब नकली पनीर, घी और मक्खन बनाने, बेचने या रखने पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी है। राज्य ने यह कदम खाद्य सुरक्षा और मानक कानून के तहत उठाया है। इसका मकसद यह पक्का करना है कि बाजार में मिलने वाले डेयरी उत्पाद असली दूध से ही बने हों, न कि किसी तेल या केमिकल से। इससे उपभोक्ताओं को शुद्ध और मिलावट रहित उत्पाद मिल पाएंगे।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने राज्य भर में दुकानों की शुरू की जांच
इस नए नियम के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग अब पूरे राज्य में दुकानों, रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों की सख्ती से जांच करेगा। अगर कहीं भी कोई नकली डेयरी उत्पाद बेचते हुए पकड़ा गया, तो विभाग न सिर्फ उनके उत्पादों को जब्त कर लेगा, बल्कि उनका लाइसेंस भी रद्द कर देगा। अधिकारियों ने बताया कि इस कदम का मुख्य मकसद लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा करना है और यह सुनिश्चित करना है कि ग्राहकों के साथ किसी तरह की धोखाधड़ी न हो।