हरिद्वार में पुलिसकर्मी पर नशे में कांवड़ खंडित करने का आरोप; उत्पात मचाया, पुलिसकर्मी को दौड़ाया
क्या है खबर?
उत्तराखंड के हरिद्वार से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक पुलिसकर्मी पर कांवड़ खंडित करने का आरोप लगाकर कांवड़ियों ने खूब उत्पात मचाया। घटना गंगनहर में कांवड़ पटरी मार्ग की बताई जा रही है। पुलिसकर्मी पर नशे में कांवड़ खंडित करने का आरोप लगाया गया है, जिसके बाद कुछ कांवड़िये एक पुलिसकर्मी को दौड़ाते और कार तोड़ते दिख रहे हैं। वीडियो की न्यूजबाइट्स पुष्टि नहीं करता है। हालांकि, मामले पर अभी पुलिस का बयान नहीं आया है।
घटना
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो सामने आई है, जिसमें कुछ कांवड़िये एक कार को तोड़ते दिख रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि कार ने कांवड़ियों को टक्कर मारी थी, जिसके बाद उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उनको समझाने की कोशिश की, तभी एक युवक ने वीडियो में एक पुलिसकर्मी पर नशे का आरोप लगाते हुए कांवड़ खंडित करने का आरोप लगाया।
इसके बाद पुलिसकर्मी कांवड़िये से बचकर भागते दिख रहा है।
ट्विटर पोस्ट
पुलिसकर्मी का पीछा करता एक कांवड़िया
उत्तराखंड : हरिद्वार में एक कांवड़िए ने पुलिसकर्मी पर नशे में कांवड़ खंडित करने का आरोप लगाया। कांवड़ियों ने हंगामा शुरू किया तो पुलिसकर्मी ने भागकर जान बचाई। मेडिकल जांच में पुलिसकर्मी के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई है। https://t.co/o3yWhha6oH pic.twitter.com/uLVajjYEjG
— Sachin Gupta (@Sachingupta) August 5, 2026
विवाद
लगातार सामने आ रहे विवादित दृश्य
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से लगातार कांवड़ यात्रा के दौरान उत्पात और विवाद के वीडियो सामने आ रहे हैं।
पिछले दिनों हरिद्वार में एक कार कुछ कांवड़ियों को छू गई थी, जिसके बाद कांवड़ियों की भीड़ ने कार को रोककर कार चालक को लात और घूसों से सड़क पर पीटा।
बाद में पुलिस किसी तरह कार चालक को बचाकर ले गई।
मेरठ में कथित तौर पर पुलिसकर्मियों को पीटने की बात सामने आई थी, जिसका पुलिस ने खंडन किया था।