उत्तराखंड: गुरुद्वारा प्रमुख की हत्या में सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी फंसे, 4 अन्य पर भी मामला दर्ज
क्या है खबर?
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर में नानकमत्ता गुरुद्वारे के प्रमुख जत्थेदार बाबा तरसेम सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इंडिया टुडे के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने बताया कि प्राथमिकी में 2 हमलावर सरबजीत सिंह और अमरजीत सिंह के अलावा सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी हरबंस सिंह चुघ, बाबा अनूप सिंह और एक क्षेत्रीय सिख संगठन के उपाध्यक्ष प्रीतम सिंह संधू शामिल हैं।
प्राथमिकी शुक्रवार को दर्ज की गई है।
हत्या
प्रशासनिक अधिकारी का हत्या से क्या है संबंध?
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, हरबंस सिंह चुघ नानकमत्ता गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के प्रमुख हैं। उनकी भूमिका पर शिकायतकर्ता ने संदेह जताया, जिससे उनका नाम प्राथमिकी में शामिल है।
इसके अलावा हमलावर सरबजीत सिंह पंजाब के तरनतारन के रहने वाले हैं, जबकि अमरजीत सिंह उत्तर प्रदेश के रामपुर के रहने वाले हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इन पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 (हत्या), 120B (आपराधिक साजिश) और 34 (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच
28 मार्च को गुरुद्वारे के सामने मारी गई थी गोली
28 मार्च को सुबह 6:30 बजे बाबा तरसेम सिंह गुरुद्वारे के बाहर कुर्सी डालकर बैठे थे, तभी बाइक से आए दो हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दी।
सिंह को खटीमा के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। उनकी हत्या का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था।
रुद्रपुर से करीब 50 किमी दूर नानकमत्ता साहिब गुरुद्वारा उधम सिंह नगर में रुद्रपुर-टनकपुर मार्ग पर स्थित एक प्रतिष्ठित सिख गुरुद्वारा है।