Loading...
उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण चार धाम यात्रा स्थगित, वैष्णो देवी और अमरनाथ भी बंद
उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण चार धाम यात्रा स्थगित (प्रतीकात्मक तस्वीर)

उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण चार धाम यात्रा स्थगित, वैष्णो देवी और अमरनाथ भी बंद

लेखन गजेंद्र
Jul 20, 2026
02:16 pm

क्या है खबर?

उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण पहाड़ी मार्ग पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, जिसे देखते हुए चार धाम यात्रा स्थगित कर दी गई है। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि मौसम विभाग ने भारी बारिश को देखते हुए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसके चलते यात्रा रोकी गई है। बारिश के कारण भूस्खलन से यात्रा मार्ग प्रभावित हुआ है। अधिकारियों ने तीर्थयात्रियों को आगे बढ़ने की अनुमति न देने के निर्देश दिए हैं।

यात्रा

अमरनाथ और वैष्णो देवी यात्रा भी बंद

बारिश का असर सिर्फ उत्तराखंड की चार धाम यात्रा पर ही नहीं बल्कि जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ और वैष्णो देवी की यात्रा में भी दिख रहा है।

जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ गुफा मंदिर, माता वैष्णो देवी और शिव खोरी की तीर्थयात्राएं लगातार दूसरे दिन सोमवार को भी स्थगित रहीं।

अधिकारियों ने तीर्थयात्रियों को बेस कैंप और आवास केंद्रों में रहने की सलाह दी है। उन्होंने अगले आदेश तक तीर्थस्थलों की ओर किसी भी प्रकार की आवाजाही पर रोक लगाई है।

यात्रा

24 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान

जम्मू, उधमपुर और रामबन से श्रीनगर की ओर जाने वाली अमरनाथ यात्रा रोकने से विभिन्न बेस कैंपों में सैकड़ों श्रद्धालु फंसे हुए हैं।

कटरा से माता वैष्णो देवी की तीर्थयात्रा और रियासी जिले में शिव खोरी की यात्रा भी स्थगित है।

बता दें कि रविवार को कश्मीर के कुछ हिस्सों में बादल फटने की घटना घटी है। मौसम विभाग ने 19 से 24 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान जताया है।

ADVERTISEMENT