Loading...
उत्तराखंड: चमोली में बन रहे जलविद्युत सुरंग में घुसा मलबा-पानी; 9 मजदूरों की मौत, कई लापता
चमोली में बन रहे जलविद्युत सुरंग में घुसा मलबा-पानी

उत्तराखंड: चमोली में बन रहे जलविद्युत सुरंग में घुसा मलबा-पानी; 9 मजदूरों की मौत, कई लापता

लेखन गजेंद्र
Aug 14, 2026
09:08 am

क्या है खबर?

उत्तराखंड के चमोली जिले में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। यहां मायापुर में अलकनंदा नदी पर बन रहे विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत THDC परियोजना की टेल रेस सुरंग (TRT) में मलबा और पानी घुस गया। घटना के समय सुरंग में सरिया वेल्डिंग का काम चल रहा था, तभी भूस्खलन हो गया। हादसे में 9 मजदूरों की मौत हुई है। मौके पर पुलिस और बचाव दल के कर्मी मौजूद हैं। करीब 14 घायल हुए हैं और 6 लापता हैं।

हादसा

सुरंग में फंसे थे 28 मजदूर

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, जहां मजदूर काम कर रहे थे, वहां से करीब 150 मीटर दूरी पर भूस्खलन हुआ था। वहीं से पानी और मलबा बहकर आया और सुरंग में घुस गया।

सुरंग में ड्यूटी के दौरान 28 मजदूर फंस गए, जिसमें से 22 मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया है। इनमें 9 की मौत हो चुकी है। अभी 13 मजदूर अस्पताल में भर्ती हैं।

बताया जा रहा है कि 6 मजदूरों की तलाश जारी है।

बचाव

मलबा और पानी हटाने के लिए मशीनों का इस्तेमाल

बचाव कार्य में भारतीय सेना के अलावा, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमों को घटनास्थल पर भेजा गया है।

जिला घटना प्रतिक्रिया बल (DIRF), स्थानीय पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के कर्मियों को भी बचाव अभियान में लगाया गया है।

सुरंग से मलबा हटाने और पानी निकालने के लिए मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज मौके पर पहुंचेंगे।

ADVERTISEMENT

परियोजना

क्या है TRT?

टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (THDC) जलविद्युत परियोजना के तहत TRT एक आवश्यक भूमिगत सुरंग है, जिसका इस्तेमाल टरबाइन से बिजली उत्पादन के बाद प्रयोग पानी को पावरहाउस से बाहर निकालकर मुख्य नदी में प्रवाहित करते हैं।

पीपलकोटी परियोजना में TRT की लंबाई करीब 2 से ढाई किलोमीटर बताई जा रही है।

इससे पहले पिछले साल दिसंबर में इसी निर्माणाधीन परियोजना में सुरंग के अंदर 2 लोको ट्रेनें आपस में टकरा गईं थी, जिसमें 60 लोग घायल हुए थे।

ADVERTISEMENT

ट्विटर पोस्ट

सुरंग में घुसा पानी

ADVERTISEMENT