Page Loader
उत्तराखंड: पौड़ी में 100 मीटर गहरी खाई में गिरी बस; 5 की मौत, 15 घायल 
उत्तराखंड में खाई में बस के गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई

उत्तराखंड: पौड़ी में 100 मीटर गहरी खाई में गिरी बस; 5 की मौत, 15 घायल 

Jan 12, 2025
07:08 pm

क्या है खबर?

उत्तराखंड के पौड़ी जिले में एक दुखद दुर्घटना घटी है। एक यात्री बस अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इसमें 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आस-पास के लोगों की मदद से घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद मृतकों की पहचान के प्रयास शुरू किए गए। पुलिस ने बताया कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

हादसा

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस ने बताया कि 20 यात्रियों से भरी बस पौड़ी से देहलचौरी की ओर जा रही थी। सत्याखाल के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई और खाई में जा गिरी। इस दौरान बस बीच में एक पेड़ से टकराकर रुक गई। पुलिस ने बताया कि यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर तुरंत स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस भी पहुंची और रस्सीयों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां 5 लोगों की मौत हो गई।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें वीडियो

कारण

क्या रहा हादसे का कारण?

पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण बस के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। हालांकि, जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस ने बताया कि सूचना पर राज्य आपदा राहत प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम भी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में मदद की। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और गंभीर घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया है।

शोक

मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'पौड़ी में बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 4 यात्रियों के निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को शांति और परिजनों को यह कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।' मुख्यमंत्री ने प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने और हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं।