Page Loader
लखनऊ: व्यापारी के नाबालिग बेटे ने कार से 2 महिलाओं को रौंदा, 200 मीटर तक घसीटा
लखनऊ में 2 महिलाओं को नाबालिग कार चालक ने रौंदा

लखनऊ: व्यापारी के नाबालिग बेटे ने कार से 2 महिलाओं को रौंदा, 200 मीटर तक घसीटा

लेखन गजेंद्र
Apr 02, 2024
03:21 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार सुबह एक कार चालक ने 2 महिलाओं को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 4:00 बजे निशातगंज क्षेत्र में पेपर मिल कॉलोनी के पास हुआ। दोनों मृतक महिलाओं की पहचान शाहीदा बानो (65) और मुमामी शबनम (42) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।

हादसा

दोनों महिलाओं को कार से 200 मीटर तक घसीटा गया

दैनिक भास्कर के मुताबिक, आरोपी कार चालक नाबालिग बताया जा रहा है, जो एक व्यापारी का बेटा है। सुबह कार सीखने के दौरान यह हादसा हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी ने महिलाओं को टक्कर मारने के बाद करीब 200 मीटर तक घसीटा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद उसकी कार 2 बाइक को टक्कर मारते हुए एक दुकान में घुस गई। तभी स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पीट दिया और पुलिस के हवाले किया।

जांच

सहरी करके टहलने निकली थीं महिलाएं

पुलिस ने बताया कि दोनों महिलाएं पेपर मिल कॉलोनी की निवासी थीं। दोनों महिलाओं ने रमजान के दौरान सुबह उठकर सहरी की थी और बाहर टहलने निकली थीं, तभी यह हादसा हुआ। हादसे के बाद महिलाओं के परिजनों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर हंगामा किया। पुलिस के आश्वासन देने के बाद सभी शांत हुए। पुलिस का कहना है कि आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।