LOADING...
उत्तर प्रदेश: महाराजगंज में किसानों का आधार कार्ड देखकर दे रहे 5 लीटर डीजल, पुलिस तैनात
उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में किसानों का आधार कार्ड देखकर दे रहे 5 लीटर डीजल

उत्तर प्रदेश: महाराजगंज में किसानों का आधार कार्ड देखकर दे रहे 5 लीटर डीजल, पुलिस तैनात

लेखन गजेंद्र
May 28, 2026
02:11 pm

क्या है खबर?

केंद्र सरकार लगातार पेट्रोल और डीजल के संकट को नकार रही है, जबकि उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में पुलिस को पेट्रोल पंप पर व्यवस्था संभालने के लिए आना पड़ा। सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पुलिस पेट्रोल पंप के परिसर में ऐलान कर रही है कि अब आधार कार्ड देखकर किसानों को डीजल दिया जाएगा। पुलिस ऐलान कर रही है कि अगर कोई व्यक्ति किसान नहीं हुआ तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

किल्लत

सिर्फ 5 लीटर डीजल मिलेगा

वीडियो में पुलिस ऐलान करते दिख रही है, "किसी को भी 5 लीटर से ज्यादा डीजल नहीं दिया जाएगा। अपनी फोटो खिंचवाइए और आधार कार्ड दिखाइए। हम सिपाहियों के द्वारा जांच कराएंगे। जो किसान नहीं हुआ या जिसके बाद खेत नहीं पाया जाएगा, उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।" बता दें कि महाराजगंज के कई पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल के लिए लंबी कतार दिख रही है। पेट्रोल पंप पर अव्यवस्था बनी हुई है।

संकट

किसानों को सिंचाई के लिए चाहिए डीजल

खेतों में सिंचाई का समय है और किसानों को अपने नलकूप चलाने के लिए डीजल चाहिए। वे लगातार पेट्रोल पंपों के चक्कर काट रहे हैं, जबकि सरकार की ओर से लगातार किल्लत की बात को नकारा जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से नियमों का उल्लंघन करने वाले पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की बात कही गई है। साथ ही, पेट्रोल पंपों को सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक ही पेट्रोल-डीजल बेचने का निर्देश है।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

महाराजगंज में पेट्रोल पंप पर भीड़

Advertisement