Page Loader
उत्तर प्रदेश: भाजपा नेता पर लगा बकरी के कारण बुजुर्ग की हत्या करने का आरोप
उत्तर प्रदेश में भाजपा नेता ने बकरी विवाद में बुजुर्ग की हत्या की

उत्तर प्रदेश: भाजपा नेता पर लगा बकरी के कारण बुजुर्ग की हत्या करने का आरोप

लेखन गौसिया
Sep 08, 2022
05:50 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में मंगलवार रात दो गुटों के बीच हुई मारपीट में एक 62 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। आरोप है कि भाजपा के नगर पालिका अध्यक्ष अशोक कुमार जायसवाल ने एक बकरी को लेकर विवाद में अपने पड़ोसी मुस्तकीन अहमद की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने जायसवाल सहित 21 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं।

मामला

आरोपी ने आधी रात को घर में घुसकर की हत्या

मंगलवार को भदोही के कटरा बाजार इलाके में अहमद की बकरी जायसवाल के बरामदे में घुस गई थी। इसी वजह से दोनों के बीच तीखी बहस हुई। इस बात से गुस्साए जायसवाल अपने समूह के साथ रात में ही अहमद के घर में घुस गए और उन्हें पीटना शुरू कर दिया। अहमद के बेहोश होने के बाद वो लोग वहां से चले गए। पुलिस ने अहमद के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिवार

मृतक अहमद के बेटे ने क्या कहा?

द वायर के मुताबिक, अहमद के बेटे आफताब आलम ने कहा, "रात के करीब 10 बजे जब सभी सो रहे थे, तभी जायसवाल और उनका 10-15 लोगों का एक समूह मेरे घर में घुस गया और मेरे पिता सहित सभी परिजनों की पिटाई शुरू कर दी।" उन्होंने आगे कहा, "पिता के गिरने के बाद आरोपी वहां से चले गए। इसके बाद हम लोग पिता को अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।"

कार्रवाई

पुलिस ने कुल 22 लोगों के खिलाफ हिंसा का मामला दर्ज किया

मृतक की पत्नी मोमिना बेगम की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सात नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 304 (गैर-इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज कर सात लोगों को हिरासत में लिया है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं थे। हो सकता है कि हृदय गति रुकने से अहमद की मौत हुई हो।"

अन्य मामला

पहले भी कई भाजपा नेताओं पर लग चुका है हिंसा करने का आरोप

बता दें कि इससे पहले भी कई भाजपा नेताओं के खिलाफ हिंसा का मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। अगस्त में झारखंड की भाजपा नेता सीमा पात्रा के खिलाफ अपनी आदिवासी नौकरानी को गर्म चिमटे से प्रताड़ित करने और पेशाब चाटने के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा पार्टी के युवा नेता ऋतुराज चतुर्वेदी पर मध्य प्रदेश में नाई की दुकान के अंदर एक पूर्व सैनिक की पिटाई करने का मामला दर्ज किया गया था।