उत्तर प्रदेश की छात्राओं को स्कूटी देने का फैसला, 2 नए एक्सप्रेसवे बनाने की मंजूरी
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मंगलवार को कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें कई बड़े निर्णय लिए गए हैं। राज्य सरकार ने रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत प्रदेश की स्नातक छात्राओं को स्कूटी देने का फैसला किया है। इसमें दिव्यांग, शहीद और निराश्रित परिवार की छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही, बैठक में 2 नए एक्सप्रेसवे बनाने को भी मंजूरी दी गई है। सरकार ने मानसून सत्र को लेकर भी रणनीति बनाई है।
बैठक
किन छात्राओं को मिलेगी स्कूटी
कैबिनेट बैठक के बाद उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि कुल 18 प्रस्ताव पास हुए हैं, जिसमें 3 उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े हैं।
इसमें स्कूटी योजना के अलावा शोध पीठ स्थापना और महिला छात्रावास शामिल है। स्कूटी योजना के तहत सभी कॉलेज की टॉप 4 छात्राओं को पेट्रोल स्कूटी मिलेगी। इनकी संख्या 50,000 होगी।
योजना के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट है। इसमें छात्राओं के परिवार की आय 12 लाख रुपये तक होनी चाहिए।
बैठक
यहां बनेंगे 2 नए एक्सप्रेसवे
योगी सरकार ने 333 किलोमीटर का प्रयागराज से सोनभद्र तक एक्सप्रेसवे बनाने का फैसला लिया है। यह एक्सप्रेसवे प्रयागराज, भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र तक होगा, जिसकी कुल लागत 26,315 करोड़ रुपये आएगी।
दूसरा, विंध्य-पूर्वांचल स्पर लिंक (ग्रीनफील्ड) एक्सप्रेसवे होगा, जिसे पूर्वांचल एक्सप्रेस से जोड़ा जाएगा। यह 117 किलोमीटर लंबा होगा और 9,039 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
इसके अलावा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 1.18 किलोमीटर के डायवर्जन का भी निर्णय लिया गया है।
फैसले
लखनऊ अग्निकांड के बाद अग्निशमन की क्षमता बढ़ाने की तैयारी
लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग सेंटर में लगी आग के बाद सरकार जागी है। उसने अग्निशमन के लिए 44 वाटर टैंकर और 5 फोम टैंकर की खरीदने को मंजूरी दी है।
अब उन वाहनों की खरीद होगी, जहां आग लगने पर बड़े वाहन नहीं जा सकते हैं। लखनऊ अग्निकांड में 15 छात्रों की मौत हुई थी।
इसके अलावा प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 3 से 6 अगस्त तक चलेगा, जिसमें राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर हंगामा होने के आसार हैं।