कौशांबी: पटाखा फैक्ट्री धमाके में अब तक 15 मौत; मालिक मुठभेड़ में गिरफ्तार, 9 पुलिसकर्मी निलंबित
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश के कौशांबी में सोमवार को प्रयागराज वायुसेना अड्डे के पास एक पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके में जान गंवाने वालों की संख्या 15 पहुंच गई है। मृतकों में 10 बच्चे शामिल हैं, जबकि 4 पुरुष और एक महिला है। 4 मृतक एक परिवार के और 2 परिवार के 3-3 सदस्यों की जान गई है। घटना के बाद एक बड़ी प्रशासनिक चूक सामने आई है, जिसमें एक अवैध फैक्ट्री की जानकारी होने के बाद भी उसे चलने दिया गया।
मुठभेड़
मालिक को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया, संपत्ति पर चला बुलडोजर
यह अवैध पटाखा फैक्ट्री नौशाद और उसके बेटे आदिल के नाम थी। करीब 2 साल पहले आबादी में होने के कारण फैक्ट्री का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया था, लेकिन आदिल कुछ दूरी पर बिना लाइसेंस पटाखे बनाता रहा।
सोमवार को हुए हादसे के बाद पुलिस ने मंगलवार तड़के नौशाद को कौशांबी में एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर पर गोली मारी गई थी।
जिला प्रशासन ने आदिल के गोदाम पर बुलडोजर चलाया है। आदिल फरार है।
कार्रवाई
9 पुलिसकर्मी निलंबित किए गए
पुलिस महानिरीक्षक ने लापरवाही बरतने के कारण एक इंस्पेक्टर और 6 दरोगा को निलंबित कर दिया है, जिसमें निरीक्षक शिवचरण राम, उपनिरीक्षक विकास सिंह, विनय सिंह, अजीत कुमार सिंह, अभिषेक गुप्ता, मनीष पाल और अमित द्विवेदी शामिल हैं।
घटना की रात कौशांबी के पुलिस अधीक्षक ने 2 बीट सिपाहियों को निलंबित कर दिया था और थाना प्रभारी समेत 3 लोगों को लाइन हाजिर किया था। सभी पुलिसकर्मी इलाके के थानों में 2 साल से तैनात थे।
विस्फोट
बड़ा भयानक था विस्फोट
कौशांबी जिले में प्रयागराज सीमा पर स्थित मोहम्मदपुर गांव में सोमवार पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ, जिसकी आवाज 2 किलोमीटर तक सुनाई दी।
धमाके के बाद 50 मीटर दूर बने 2 मकान जमींदोज हो गए, जबकि 5 मकान बुरी तरह टूट गए हैं। फैक्ट्री से कुछ दूरी पर एक मिठाई कारखाना था, जिसमें काम करने वाले 2 मजदूरों के शव के चीथड़े उड़ गए।
राहत और बचाव कार्य में 50 से अधिक लोग लगे थे।