LOADING...
दाऊद इब्राहिम के करीबी सलीम डोला को भारत लाया गया, इस्तांबुल में हुआ था गिरफ्तार
दाऊद इब्राहिम के करीबी सलीम डोला को भारत लाया गया

दाऊद इब्राहिम के करीबी सलीम डोला को भारत लाया गया, इस्तांबुल में हुआ था गिरफ्तार

लेखन गजेंद्र
Apr 28, 2026
10:51 am

क्या है खबर?

ड्रग सरगना और कथित आतंकवादी दाऊद इब्राहिम का करीबी और कुख्यात ड्रग माफिया सलीम डोला (59) मंगलवार को भारत पहुंच गया है। उसे विशेष विमान से सुबह दिल्ली के तकनीकी हवाई अड्डे पर लाया गया। भारतीय खुफिया एजेंसियों के बड़े अभियान के बाद उसे तुर्की के राष्ट्रीय खुफिया संगठन और स्थानीय पुलिस इकाइयों के संयुक्त अभियान में इस्तांबुल में गिरफ्तार किया गया था। अभी उससे खुफिया एजेंसियां पूछताछ करेंगी। उसके बाद उसे मुंबई पुलिस के हवाले किया जाएगा।

जांच

मुंबई से दुबई शिफ्ट हुआ था डोला

डोला ने भारत में अपना ड्रग कारोबार मजबूत करने के बाद उसे वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाने की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस की वांछित सूची में आने के बाद वह 2015-16 में मुंबई के डोंगरी से दुबई में शिफ्ट हो गया। उसने वैश्विक सिंथेटिक ड्रग नेटवर्क को भारत, दुबई और अन्य देशों तक फैलाया। वह दुबई से अपना कारोबार चलाता था। उसे काफी समय से भारतीय पुलिस और एजेंसियां तलाश रही थीं। उसके पास सऊदी का पासपोर्ट भी है।

जांच

डोला का करीबी और परिवार के सदस्य भी हो चुके हैं गिरफ्तार

इंटरपोल के रेड नोटिस के अनुसार, डोला पर भारत के नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस (NDPS) अधिनियम, 1985 के तहत 8-10 आरोप हैं। इस अधिनियम के तहत न्यूनतम 10 वर्ष की कैद का प्रावधान है और जमानत की शर्तें सख्त हैं। इससे पहले अक्टूबर 2025 में मुंबई क्राइम ब्रांच उसके करीबी सहयोगी मोहम्मद सलीम सोहेल शेख को और बाद में डोला के बेटे ताहिर डोला समेत परिवार के 4 लोगों को दुबई से प्रत्यर्पित कर भारत लाई थी।

Advertisement