Page Loader
महाराष्ट्र: सफर में उबर चालक को आई नींद, महिला यात्री को 150 किमी चलानी पड़ी कार

महाराष्ट्र: सफर में उबर चालक को आई नींद, महिला यात्री को 150 किमी चलानी पड़ी कार

Mar 05, 2020
12:36 pm

क्या है खबर?

अमूमन लोग सुखद यात्रा के लिए कैब बुक करते हैं, लेकिन महराष्ट्र के पुणे में एक महिला यात्री को कैब बुक करने के बाद भी करीब 150 किमी तक खुद ही कार चलानी पड़ गई। दरअसल, पुणे निवासी तेजस्विनी दिव्या नाइक (28) ने मुंबई के अंधेरी के लिए उबर कैब बुक की थी, लेकिन बीच में ही कैब चालक को नींद आने लग गई। ऐसे में उन्होंने खुद स्टेयरिंग संभाला और 150 किमी कार चलकार मुंबई पहुंचीं।

खुलासा

टि्वटर पोस्ट और वीडियो अपलोड करने पर हुआ खुलासा

दरअसल, यह मामला गत 21 फरवरी का है, लेकिन इसका खुलासा अब हुआ है। दिव्या ने घटना के दिन उबर कैब चालक के कार में सोते हुए का वीडियो बना लिया था और उसे अब टि्वटर पर अपलोड किया है। उन्होंने उबर प्रबंधन से चालक की शिकायत की है। उबर ने चालक के खिलाफ एक्शन लेते हुए उसे निलंबित कर दिया है। इसके अलावा महिला यात्री को हुई तकलीफ के लिए उससे माफी भी मांगी है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें घटना का वीडियो

दुर्घटना

दुघर्टना होने की बढ़ गई थी संभावना

फिल्मों के लिए कहानियां खिलने वालीं तेजस्विनी ने बताया कि सफर शुरू होते ही चालक ने फोन पर बातें करना शुरू कर दिया। उसने चालक को फोन पर बात करते हुए कार नहीं चलाने के लिए कहा तो उसने फोन बंद कर दिया, लेकिन कुछ देर बाद ही नींद आने की बोलने लग गया। उसे एक बार तो झपकी भी लग गई थी। इससे कार डिवाइडर और आगे चल रही दूसरी कार से टकराते-टकराते रह गई।

अपील

चालक ने महिला यात्री से की कार चलाने की अपील

तेजस्विनी ने बताया कि चालक ने नींद आने की बात कहकर उनसे आधा घंटे के लिए कार चलाने की अपील की। उसने कहा कि यदि वह आधा घंटा कार चला लेंगी तो वह सो लेगा। तेजस्विनी ने दुर्घटना से बचने के लिए स्टेयरिंग थाम लिया, लेकिन उसके बाद चालक सोने की जगह फिर से फोन पर बात करने लग गया। चालक ने तेजस्विनी के कार चलाने के तरीके की तारीफ की और कुछ देर बाद वह सो गया।

वीडियो

सबूत के तौर पर बनाया वीडियो

तेजस्विनी ने बताया कि उनकी कमर में समस्या थी। ऐसे में उन्होंने कैब बुक की थी, लेकिन इसके बाद भी उन्हें खुद को ही कार चलानी पड़ी। उन्होंने बताया कि वह चालक के बर्ताव से खुश नहीं थीं। इसलिए उबर प्रबंधन से उसकी शिकायत करने का मन बना लिया था। चालक के कार में सोने के बाद उसने सबूत के तौर पर उसका वीडियो बना लिया और उसके सोते हुए की कई फोटो भी ले ली थी।

अभद्रता

उबर चालक कई बार कर चुके हैं यात्रियों से अभद्रता

उबर चालकों द्वारा यात्रियों से असामान्य बर्ताव का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी उबर चालक कई बार महिला यात्रियों से अभद्रता कर चुके हैं। जून 2018 में मुंबई में ही उबर चालक ने महिला यात्री से अभद्रता की थी। इसी तरह अक्टूबर 2019 में भी राजधानी दिल्ली में उबर चालक ने महिला यात्री से अभद्रता की थी। इस तरह के अन्य मामले भी सामने आ चुके हैं। शिकायत के बाद उबर प्रबंधन ने कार्रवाई की थी।