
जम्मू-कश्मीर: नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी घुसपैठियों के साथ मुठभेड़ में दो जवान शहीद
क्या है खबर?
भारतीय सेना के लिए नए साल 2020 की शुरूआत एक दुखद खबर के साथ हुई है।
बुधवार को नियंत्रण रेखा (LoC) पर पाकिस्तानी घुसपैठियों के साथ हुई मुठभेड़ में सेना के दो जवान शहीद हो गए।
ये घुसपैठिए पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) से भारत में घुसने की कोशिश कर रहे थे।
उनके बारे में पता चलने पर जब सेना की ओर से सर्च ऑपरेशन चलाया गया तो उन्होंने सैनिकों पर फायरिंग कर दी।
बयान
लेफ्टिनेंट जनरल ने दी दो जवानों के शहीद होने की जानकारी
लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंदर आनंद ने घटना की जानकारी देते हुए बताया, "नौशेरा सेक्टर के कलाल इलाके में एक सर्च ऑपरेशन के दौरान भारतीय सेना के दो जवान शहीद हो गए। ऑपरेशन अभी भी जारी है। बाकी जानकारियों का इंतजार है।"
घुसपैठ
खारी थरायत जंगल के जरिए भारत में घुसने की कोशिश कर रहे थे घुसपैठिए
अधिकारियों के अनुसार, पाकिस्तानी घुसपैठिए खारी थरायत जंगल के जरिए PoK से भारत में घुसने की कोशिश कर रहे थे।
जब भारतीय सेना को ये जानकारी मिली तो उन्होंने सर्च ऑपरेशन चलाया।
इस दौरान घुसपैठियों ने सैनिकों पर फायरिंग करना शुरू कर दिया जिसमें दो जवान शहीद हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि इलाके में अभी भी एक बड़ा ऑपरेशन जारी है और घुसपैठियों की तलाश की जा रही है।
चेतावनी
एक दिन पहले ही सेनाध्यक्ष मुकुंद नरवणे ने दी थी पाकिस्तान को चेतावनी
ये घटना ऐसे समय पर हुई है जब एक दिन पहले ही भारत के नवनियुक्त सेनाध्यक्ष मनोज मुकुंद नरवणे ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा था कि भारत आतंकी ठिकानों पर अपने हिसाब से कार्रवाई का अधिकार रखता है और वो ऐसा करने की अपनी क्षमता का सबूत पहले ही दे चुका है।
उन्होंने कहा था कि आतंकवादियों के खिलाफ सेना की 'जीरो टॉलरेंस' नीति जारी रहेगी और पाकिस्तान प्रायोजित आतकंवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
बयान
जनरल नरवणे बोले, सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट ऑपेशन से जाहिर होता है हमारा इरादा
जनरल मुकुंद नरवणे ने कहा था, "अगर पाकिस्तान राज्य प्रायोजित आतंकवाद को बंद नहीं करता तो हम आतंकी ठिकानों पर स्ट्राइक करने का अधिकार रखते हैं। ये इरादा सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट ऑपरेशन की हमारी प्रतिक्रिया में साफतौर पर स्पष्ट किया जा चुका है।"
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना की प्रतिक्रिया प्रणाली का ये एक नया नियम होगा और इसे मजूबती से जाहिर कर दिया गया है।