LOADING...
ट्विशा शर्मा की मौत का मामला: मध्य प्रदेश सरकार ने CBI जांच की सिफारिश की
ट्विशा शर्मा की मौत में मध्य प्रदेश सरकार ने CBI जांच की सिफारिश की

ट्विशा शर्मा की मौत का मामला: मध्य प्रदेश सरकार ने CBI जांच की सिफारिश की

लेखन गजेंद्र
May 22, 2026
02:03 pm

क्या है खबर?

मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार ने नोएडा निवासी ट्विशा शर्मा की मौत के मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने की सिफारिश की है। सरकार ने शुक्रवार को उनके परिवार की ओर से की जा रही स्वतंत्र जांच की मांग को स्वीकार कर लिया है। इस संबंध में मध्य प्रदेश के गृह विभाग ने अधिसूचना जारी कर मामले की फाइलों के तत्काल हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू करने के लिए शीर्ष केंद्रीय और राज्य अधिकारियों को निर्देश दिया है।

अधिसूचना

अधिसूचना में क्या है?

अधिसूचना के मुताबिक, "दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम, 1946 की धारा 6 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए, मध्य प्रदेश सरकार ने राज्यपाल के नाम पर इस विशिष्ट मामले की जांच के लिए CBI सदस्यों के अधिकार क्षेत्र को पूरे राज्य में विस्तारित करने की औपचारिक सहमति दे दी है। यह प्राधिकरण स्पष्ट रूप से प्राथमिक अपराध, अपराध में किसी भी प्रकार की सहायता और किसी भी संबंधित आपराधिक साजिश की जांच को कवर करता है।"

घटना

क्या है ट्विशा की मौत का मामला?

नोएडा की ट्विशा (33) की शादी सेवानिवृत्त सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के बेटे समर्थ सिंह से दिसंबर 2025 में हुई थी। दोनों की मुलाकात 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। ट्विशा 12 मई को भोपाल स्थित अपने ससुराल की छत पर लगी जिमनास्टिक छड़ से लटकी मिली थीं। उनके परिवार ने मौत का कारण सिंह परिवार के दहेज उत्पीड़न और गंभीर मानसिक यातना को बताया है। घटना के 3 दिन बाद पुलिस ने FIR दर्ज की थी।

Advertisement

फरार

पति के खिलाफ लुक-आउट सर्कुलर जारी

ट्विशा की मौत के बाद से उनका पति समर्थ सिंह फरार है। विदेश भागने की संभावना को देखते हुए उनके खिलाफ लुक-आउट सर्कुलर जारी किया गया है। ट्विशा के भाई हर्षित शर्मा ने बताया कि ट्विशा बहुत परेशान थी और उसने अपने भाई के सामने अपनी बेबसी जाहिर की थी और वह नोएडा वापस आना चाहती थी। बताया जा रहा है कि सिंह परिवार गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द कराने के लिए हाई कोर्ट में याचिका दायर करेगा।

Advertisement