पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुआ भीषण हादसा, कांग्रेस नेता तुषार भुमकर की दर्दनाक मौत
पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे के नए मिसिंग लिंक पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में पिंपरी-चिंचवड़ के जाने-माने कांग्रेस नेता तुषार भुमकर (35) की मौत हो गई। यह घटना देर रात करीब 1:20 बजे हुई। पुलिस के अनुसार, वकाड़ निवासी अमित तालाराम भाटी एक तेज रफ्तार SUV चला रहा था। खंडाला के पास एक सुरंग में वह दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, तभी उसकी गाड़ी सब्जी ले जा रहे एक मिनी ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन पलट गए।
हादसे में घायल हुए 6 लोग
गाड़ी की अगली सीट पर बैठे तुषार भुमकर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों वाहनों में सवार 6 अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हादसे के कारण एक्सप्रेसवे पर थोड़ी देर के लिए ट्रैफिक रुक गया था, लेकिन जल्द ही उसे साफ कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खो देना ही इस दुर्घटना की संभावित वजह मानी जा रही है। पुलिस ने SUV ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना के बाद इस नए बने एक्सप्रेसवे खंड पर सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं खड़ी हो गई हैं।