टाइगर श्रॉफ नहीं थे असली टार्गेट, सलमान-आमिर और रणबीर कपूर के घर की हुई थी रेकी
क्या है खबर?
मुंबई पुलिस बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के मामले में रोज-रोज नए खुलासे कर रही है। हिंदुस्तान टाइम्स ने पुलिस के हवाले से बताया कि हमलावर फूल सिंह और रेहान अंसारी और उनके साथी ऋतिक कुमार उर्फ रोशन रामू महतो से पूछताछ के बाद पता चला कि हमलावरों का असली टार्गेट टाइगर नहीं थे। हमलावरों ने सलमान खान के बांद्रा स्थित घर, आमिर खान के खार स्थित घर और रणबीर कपूर के घर की रेकी की थी।
जांच
टाइगर थे आसान टार्गेट
पुलिस ने बताया कि हमलावरों के लिए टाइगर असली टार्गेट नहीं थे, बल्कि उन्होंने सलमान के साथ कई अन्य बड़े अभिनेताओं को अपने निशाने पर लिया था।
कई दिन की रेकी के बाद, जब हमलावरों को लगा कि बड़े अभिनेताओं की सुरक्षा को तोड़ना मुश्किल है तो उन्होंने दूसरे अभिनेताओं को छोड़ दिया और टाइगर पर अपना ध्यान लगाया।
हमलावरों ने जब देखा कि टाइगर की सुरक्षा व्यवस्था कमजोर है, तो उन्होंने उसे निशाना बनाना बेहतर समझा।
जांच
एक महीना मुंबई में रहे हमलावर
रिपोर्ट के मुताबिक, सोनीपत का 18 वर्षीय शूटर फूल सिंह और रेहान अंसारी 18 अक्टूबर को गोलीबारी से एक महीना पहले मुंबई आए थे।
उन्होंने दादर में अलग-अलग लॉज लिया था और गोलीबारी में इस्तेमाल बजाज पल्सर बाइक समेत अन्य चीजों पर 2 लाख रुपये खर्च किए थे।
पुलिस ने बताया कि हमलावर 11 अक्टूबर को भी जुहू के फुटबॉल ग्राउंड गए थे, लेकिन उस समय उनके पास हथियार नहीं थे। उन्हें हथियार 17 अक्टूबर को दिया गया था।
जांच
अब तक कुल 10 लोग गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने एक पिस्तौल जाम होने से पहले जंगल में अभ्यास किया था। वे पिस्तौल लॉज में भी ले गए थे और पिस्तौल ठीक करते समय एक गोली भी चली थी।
मामले में अब तक 10 गिरफ्तारी हो चुकी है। दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को हथियार आपूर्ति के आरोप में 2 महिलाओं समेत 4 को सोनीपत से गिरफ्तार किया है। बुधवार को सोनीपत में 3 और गिरफ्तारी हुई।
सभी गुरुवार सुबह मुंबई पहुंचेंगे।