LOADING...
नितिन गडकरी के घर को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के घर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है

नितिन गडकरी के घर को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस

Aug 03, 2025
01:22 pm

क्या है खबर?

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नागपुर स्थित घर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पुलिस कंट्रोल रूम को ये धमकी भरा कॉल आया है। इस धमकी के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस ने गडकरी के आवास पर पहुंचकर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉयड की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी का पता लगा लिया।

धमकी

पुलिस को सुबह 8:46 बजे मिली धमकी

पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह 8:46 बजे पुलिस कंट्रोल रूम के 112 नंबर पर अज्ञात व्यक्त ने कॉल कर केंद्रीय मंत्री गडकरी के घर को बम से उडाने की धमकी दी थी। धमकी का कॉल आने के बाद पुलिस ने स्थानीय पुलिस थाने को मामले की जानकारी दी है। इसके बाद प्रताप नगर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस महमके के तमाम बड़े अधिकारी भी गडकरी के घर मौजूद हैं।

कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पुलिस ने धमकी मिलने के कुछ घंटों बाद ही आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उमेश विष्णु राउत के रूप में हुई है। उमेश मेडिकल चौक स्थित एक देसी शराब की दुकान पर काम करता है। पुलिस ने उसे नागपुर के बीमा दवाखाना के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस की टीम अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर धमकी देने के पीछे की मंशा को जानने का प्रयास कर रही है।

पुनरावृत्ति

गडकरी को पहले भी मिल चुकी है धमकी

बता दें कि केंद्रीय मंत्री गडकरी को जनवरी 2023 में भी एक व्यक्ति ने उनके कार्यालय के लैंडलाइन नंबर पर फोन कर जान से मारने की धमकी थी। इसके अलावा उसने उनके कार्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकी दी थी। उस दौरान आरोपी ने एक घंटे में 3 बार फोन कर धमकियां दी थी। उसने खुद को दाऊद इब्राहिम गैंग से बताया था। हालांकि, बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।